×

झामुमो प्रवक्ता ने कहा, शिबू सोरेन को पद्म भूषण मिलना झारखंड के लिए गर्व का विषय

 

रांची, 23 जून (आईएएनएस)। झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान दिए जाने पर पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है। नेताओं ने इस सम्मान का स्वागत करते हुए इसे शिबू सोरेन के लंबे संघर्ष और योगदान का सम्मान बताया। साथ ही, उन्हें भारत रत्न देने की मांग भी दोहराई।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता मनोज पांडे ने पद्म भूषण सम्मान पर खुशी जताते हुए आईएएनएस से कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन वास्तव में भारत रत्न के हकदार थे लेकिन केंद्र सरकार की ओर से दिए जा रहे इस सम्मान का भी स्वागत किया जाना चाहिए।

झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि शिबू सोरेन केवल एक नेता नहीं बल्कि अपने आपमें एक संस्था और एक विचार हैं। उनका जीवन, संघर्ष और दर्शन आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने केंद्र से मांग की कि शिबू सोरेन के जीवन संघर्ष और उनके योगदान को देश के शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए ताकि नई पीढ़ी उनके विचारों और संघर्षों से प्रेरणा ले सके।

वहीं, कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भी शिबू सोरेन को मिले इस सम्मान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह क्षण केवल सोरेन परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का क्षण है। शिबू सोरेन इस सम्मान के पूरी तरह हकदार थे क्योंकि उन्होंने जंगल, जमीन और आदिवासी समाज की आवाज को गांवों से निकालकर विधानसभा और संसद तक पहुंचाने का ऐतिहासिक काम किया। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन को पद्म भूषण मिलना स्वाभाविक है लेकिन यदि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाता तो यह झारखंड के लिए और भी अधिक गौरव की बात होती।

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित अलंकरण समारोह में दिशाेम गुरू शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान प्रदान करेंगी। उनकी पत्नी रूपी सोरेन यह सम्मान ग्रहण करेंगी।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम