अकाली दल के नेताओं ने बताया, 'सुखबीर सिंह बादल पूरी तरह स्वस्थ और ठीक हैं'
नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर हमले की पार्टी नेताओं ने कड़ी निंदा की। उन्होंने बताया कि शिअद प्रमुख पूरी तरह स्वस्थ और ठीक हैं।
चंडीगढ़ में आईएएनएस से बातचीत में शिरोमणि अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता एडवोकेट अर्शदीप सिंह क्लेर ने बताया कि शिअद प्रमुख हजूर साहिब में मत्था टेकने गए थे। जब वे वहां से निकलने वाले थे, इसी दौरान निहंग के भेष में एक व्यक्ति ने उन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन सरदार सुखबीर सिंह बादल के सुरक्षाकर्मियों ने हमले को नाकाम कर दिया। हालांकि, इस कोशिश के दौरान सरदार सुखबीर सिंह बादल का दाहिना हाथ में चोटिल हो गया। इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में ले जाया गया। लेकिन, मैं उन सभी लोगों को बताना चाहता हूं जो उन्हें पसंद करते हैं कि सरदार सुखबीर सिंह बादल पूरी तरह स्वस्थ और ठीक हैं।
शिअद नेता और पंजाब कोर कमेटी के सदस्य संजीव तलवार ने घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि एक बार फिर इंसानियत के दुश्मनों ने सुखबीर सिंह बादल पर हमला किया है। वे घायल हो गए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। हमें अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि हमलावर कौन थे या हमले में और कौन घायल हुआ है।
उन्होंने कहा कि मैं यह कह सकता हूं कि यह सरकारी सिस्टम की विफलता थी। सुखबीर सिंह बादल पर तब हमला हुआ जब वे अपने धर्म के अनुसार सिर झुकाने जा रहे थे, एक ऐसी जगह पर जहां सब बराबर हैं। यह सबसे बड़ी बात है कि यह हमला सीधे तौर पर सिख धर्म पर हुआ है। दूसरी बात यह है कि यह सिर्फ एक श्रद्धालु पर हमला नहीं है। सुखबीर सिंह बादल पंजाब में हिंदू-सिख एकता का नारा बुलंद करना चाहते हैं। मुझे लगता है कि यह उन लोगों की साजिश हो सकती है, जो पंजाब को 1984 के दौर में वापस ले जाना चाहते हैं।
यूथ अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंजर ने कहा कि मैं इस घटना की कड़ी निंदा करता हूं। किसी पवित्र स्थल पर इस तरह का हमला बेहद दुखद और अस्वीकार्य है। मैं सुखबीर सिंह बादल के अच्छे स्वास्थ्य और जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आग्रह करता हूं कि वे इस घटना की तुरंत और गहन जांच के आदेश दें और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। नांदेड़ साहिब आने वाले सिख तीर्थयात्रियों और गणमान्य व्यक्तियों की सुरक्षा बिना किसी समझौते के सुनिश्चित की जानी चाहिए।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम