×

शी चिनफिंग ने फुच्येन प्रांत के 'चांगचो 110' के सदस्यों को जवाबी पत्र भेजा

 

बीजिंग, 15 सितंबर (आईएएनएस)। हाल ही में, सीपीसी केंद्रीय समिति के महासचिव, चीनी राष्ट्रपति और केंद्रीय सैन्य आयोग के अध्यक्ष शी चिनफिंग ने चीन के फुच्येन प्रांत में स्थित "चांगचो 110" आपातकालीन प्रतिक्रिया दल के सभी सदस्यों को एक पत्र लिखकर उन्हें प्रोत्साहन दिया और अपनी हार्दिक अपेक्षाएं व्यक्त कीं।

अपने पत्र में शी चिनफिंग ने कहा कि "चांगचो 110" सार्वजनिक सुरक्षा प्रणाली का एक उत्कृष्ट उदाहरण है और इसने मुझ पर गहरी छाप छोड़ी है। जनता की सेवा करने और उनकी सुरक्षा एवं कल्याण की रक्षा करने में आपके द्वारा किए गए अथक परिश्रम की व्यापक रूप से प्रशंसा की गई है, जिससे मुझे बहुत प्रसन्नता हुई है।

शी चिनफिंग ने कहा कि जनता की खुशियों की रक्षा और राष्ट्र की शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी जन पुलिस पर है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी जनता की सेवा करने के अपने मूल उद्देश्य के प्रति सच्चे रहेंगे, अपनी उत्तम परंपराओं को आगे बढ़ाएंगे, समर्पित और निस्वार्थ भाव से जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे। साथ ही हर घर की सुरक्षा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे और सीपीसी तथा जनता के प्रति निष्ठावान संरक्षक बने रहेंगे।

गौरतलब है कि फुच्येन में अपने कार्यकाल के दौरान, महासचिव शी चिनफिंग ने "चांगचो 110" आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली के विकास का मार्गदर्शन और प्रोत्साहन करने के लिए तीन बार पुलिस बल का दौरा किया। हाल ही में, "चांगचो 110" टीम के सभी सदस्यों ने महासचिव को एक पत्र लिखकर उनके निर्देशों का पालन करते हुए जनता की सेवा करने के अपने प्रयासों की जानकारी दी और नई यात्रा में अपने कर्तव्यों को पूरा करने और जिम्मेदारी निभाने का अपना दृढ़ संकल्प दोहराया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/