शायद यही अच्छे दिन हैं कि सब कुछ त्याग दो, पीएम मोदी की अपील पर आनंद दुबे का तंज
मुंबई, 11 मई (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने वैश्विक संकट को देखते हुए पीएम मोदी की जनता से की गई अपील पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अपने मन की बात कर देते हैं, लेकिन जनता के मन की बात कब सुनेंगे। पीएम मोदी ने कहा था कि अच्छे दिन आएंगे, शायद इसी अच्छे दिन की बात करे रहे होंगे।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक हालात को देखते हुए रविवार को सोना नहीं खरीदने की सलाह दी थी। उन्होंने देशवासियों से अगले एक साल तक सोना नहीं खरीदें और ईंधन के इस्तेमाल कम करने की अपील की है।
आनंद दुबे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि पीएम मोदी ने साल 2014 में भाषण के दौरान कहा था कि अच्छे दिन आएंगे। शायद इसी अच्छे दिन की बात कर रहे होंगे कि सोना मत खरीदो, डीजल और गैस का इस्तेमाल मत करो। यही अच्छे दिन हैं कि सब कुछ त्याग दो।
उन्होंंने कहा कि हमने एक ऐसे प्रधानमंत्री को चुना है, जिन्होंने कहा था कि बहुत हो गई महंगाई की मार अबकी बार मोदी सरकार। पांच राज्यों में हाल ही में चुनाव संपन्न हुए और मुख्यमंत्री तक बन गए तब ये नया शिगूफा ला रहे हैं कि सोना मत खरीदो, ईंधन का उपयोग कम करो।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कभी आप नोटबंदी करते हैं, कभी जीएसटी लाते हैं। आप अपने मन की बात करते हैं, लेकिन कभी जनता के मन की बात सुनें हैं। रुपया पाताल में जा रहा है और डॉलर आसमान की ऊंचाइयां छू रहा है। हमें लगता है कि यह देश पीएम नरेंद्र मोदी से नहीं संभल रहा है। इनको चुनाव जीतने की कला जरूर आ चुकी है, लेकिन जनता का दिल जीतने की कला नहीं आ पा रही है।
शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने सोमनाथ मंदिर के 75 साल पूरे होने पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि सोमनाथ मंदिर के 75 साल पूरे होने का उत्सव बहुत खुशी की बात है। यह 140 करोड़ देशवासियों के लिए खुशी का विषय है। यह 100 करोड़ से ज्यादा हिंदुओं के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने सवाल किया कि इसमें सरकार की क्या भूमिका है? भगवान महादेव हम सबके हैं। हम सब भगवान महादेव की पूजा करते हैं। सोमनाथ मंदिर का अपना एक इतिहास है तो सरकार को किस तरह का उत्सव आयोजित करना चाहिए? क्या किया जाना चाहिए? यह तो हम सबका उत्सव है। यह सभी पार्टियों का उत्सव है, इसमें कांग्रेस समेत सभी दल आ गए। सब हर्षोल्लस के साथ इस उत्सव को मना रहे हैं।
आनंद दुबे केरल में सरकार गठन में हो रही देरी को लेकर कहा कि कांग्रेस को सरकार बनाने में समय इसलिए लग रहा है कि पार्टी में अच्छे नेताओं की बड़ी फौज है। किसे और कैसे बनाया जाए इसको लेकर लंबी चर्चा होती है। विधायक दल के नेता का चयन विधायक करते हैं, वहीं भाजपा में विधायक दल का नेता चुनने के लिए चिट्ठी आती है। आपको ऊपर से जो चिट्ठी आ गई, उसी को पढ़ देना है। केरल को एक स्वस्थ और अच्छी सरकार जल्द मिल जाएगी, इसको लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है।
मंत्री नितेश राणे के बयान पर शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे कहते हैं, "ओवैसी कई बार सांसद रह चुके हैं। अब वह आतंकवादी हैं या नहीं, इसकी जांच केंद्र सरकार को करनी चाहिए। हम इस बारे में क्या कह सकते हैं? दोनों तरफ से नफरत फैलाई जा रही है। इधर से भी और उधर से भी, दोनों तरफ से तीर चलाए जा रहे हैं। दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी