×

शशि थरूर की तारीफ पर सांसद मनोज झा का तंज, बिहार का काम सिर्फ मजदूर सप्लाई करना

 

नई दिल्ली, 23 दिसंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सांसद मनोज झा ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बिहार सरकार की तारीफ किए जाने वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आज भी बिहार दूसरे राज्यों को मजदूर सप्लाई करता है।

राजद सांसद का यह बयान उस वक्त आया है जब बिहार के नालंदा पहुंचे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने राज्य के विकास की जमकर सराहना की।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि शशि थरूर बहुत विद्वान नेता हैं, लेकिन थोड़ा सतह के नीचे जाकर देखते तो अच्छा होता। बिहार श्रम आपूर्ति का केंद्र बनकर रह गया है। महाराष्ट्र और गुजरात में निवेश हो रहा है, लेकिन बिहार में क्यों नहीं? हमारा काम सिर्फ मजदूर सप्लाई करना रह गया है। केरल से लेकर कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और महाराष्ट्र तक। उन्होंने कहा कि शशि थरूर यह देख नहीं पाए या देखना नहीं चाहते।

राहुल गांधी के बर्लिन में चीन को लेकर दिए बयान पर भाजपा के आरोपों पर मनोज झा ने कहा कि सिर्फ इसलिए हंगामा क्यों हो रहा है कि राहुल गांधी ने यह कहा? क्या यह सच्चाई नहीं है? क्या विपक्ष के नेता या किसी भी राजनीतिक नेता को इस बात की चिंता नहीं होनी चाहिए कि जो चीजें हमारे देश में संभव थीं, वे चीन क्यों जा रही हैं?

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बयान '2013 के नक्सली हमले में कांग्रेस के लोग शामिल थे', इस पर मनोज झा ने गंभीर आरोप बताते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह बहुत गंभीर आरोप है। आप सरकार का हिस्सा हैं, अगर यह सच है तो सबूत पेश करें। सिर्फ राजनीतिक बयान देकर बात खत्म न करें। मैं फिर एक सीरीज के तौर पर सवाल पूछूंगा-पहलगाम में क्या हुआ? पुलवामा में क्या हुआ? आज तक हमें कुछ पता नहीं चला। हमने श्रद्धांजलि दी और अगले दिन से काम खत्म।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी