शशि थरूर देशभक्त हैं, देशहित पर खुलकर बोलते हैं, कांग्रेस करे चिंतन : आनंद दुबे
मुंबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। शिवसेना नेता आनंद दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भारतीय कॉरपोरेट जगत यानी 'इंडिया इंक' की आलोचना किए जाने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर की टिप्पणी का समर्थन किया। इसके अलावा, उन्होंने वाराणसी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की तारीफ करते हुए इसे काशी की उन्नति और भारतीय खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
उन्होंने लोवी एशिया पावर इंडेक्स में भारत के बढ़ते प्रभाव का स्वागत किया और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे की बातचीत पर तंज कसा।
प्रधानमंत्री मोदी की ओर से कारोबारियों को टैक्स और ब्याज में राहत देने के बावजूद रोजगार और वेतन वृद्धि नहीं करने पर सवाल उठाने के संदर्भ में शशि थरूर की टिप्पणी पर आनंद दुबे ने कहा कि थरूर जागरूक, पढ़े-लिखे और वैश्विक मामलों की जानकारी रखने वाले नेता हैं। उन्होंने पहले भी कई बार सरकार और उसकी नीतियों का समर्थन किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कारोबारियों को टैक्स में छूट और ब्याज से जुड़ी राहत देने की बात कही, लेकिन इसके बावजूद कंपनियों की ओर से नई नौकरियां बढ़ाने और कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने की अपेक्षित पहल नहीं हुई तो इस पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि शशि थरूर देशभक्त हैं और देश से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखते हैं। राजनीतिक रूप से दोनों अलग-अलग दलों में हैं और उनके बीच वैचारिक मतभेद भी हैं, लेकिन देशहित के सवाल पर थरूर अपनी राय स्पष्ट रखते हैं। दुबे ने कांग्रेस को सलाह दी कि उसे इस बात पर चिंतन करना चाहिए कि जब उसकी पार्टी के वरिष्ठ नेता ही कुछ मुद्दों पर उसकी बात से सहमत नहीं हैं, तो बाकी लोगों की राय क्या होगी।
वाराणसी के गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की तारीफ करते हुए आनंद दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र में तैयार हो रहा यह स्टेडियम खिलाड़ियों को प्रेरित करने के साथ उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने में मददगार होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां से देश को अच्छे खिलाड़ी मिलेंगे, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करेंगे। स्टेडियम में करीब 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। इसके निर्माण पर लगभग 450 करोड़ रुपए खर्च होने और इसके लिए 31 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी। स्टेडियम में पांच प्रैक्टिस पिच बनाई जा रही हैं, जहां खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे। इसके अलावा पार्किंग, लाइटिंग, कैफेटेरिया और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था भी होगी।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम की डिजाइन में डमरू, त्रिशूल और काशी की संस्कृति की झलक दिखाई देती है। इसलिए यह केवल खेल परिसर नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत का परिचय देने वाला केंद्र भी बनेगा। प्रधानमंत्री मोदी अपने संसदीय क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर विशेष ध्यान देते हैं और इससे दूसरे सांसदों को भी अपने क्षेत्रों में काम करने की प्रेरणा मिलती है।
लोवी एशिया पावर इंडेक्स में भारत के बढ़ते प्रभाव पर दुबे ने कहा कि दुनिया में भारत की ताकत और प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की अर्थव्यवस्था, विकास और वैश्विक भूमिका की सराहना होना खुशी की बात है। उन्होंने मार्को रुबियो, डोनाल्ड ट्रंप और विश्व बैंक की ओर से भारत की अर्थव्यवस्था की तारीफ किए जाने का उल्लेख किया। उनके मुताबिक, भारत की जीडीपी वृद्धि और महंगाई की स्थिति जैसे आर्थिक पहलुओं का वैश्विक छवि पर असर पड़ता है। दुबे ने विपक्ष को आत्मचिंतन करने की सलाह देते हुए कहा कि जिन उपलब्धियों को विपक्ष समझ नहीं पा रहा है, उन्हें दुनिया की संस्थाएं पहचान रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत जैसे-जैसे तरक्की करेगा और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ेगा, विपक्ष को भी अपनी सोच पर विचार करना पड़ेगा।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे की बातचीत पर दुबे ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले आधी-आधी सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही, फिर 181 सीटों की मांग की और अब करीब 130 सीटों तक आ गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आगे कांग्रेस की मांग 20, फिर 10 और अंत में दो सीटों तक पहुंच सकती है। कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा में स्पष्टता नहीं है और वह सहयोगी दलों को भी नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के बाद समाजवादी पार्टी कमजोर स्थिति में पहुंचेगी।
उत्तर प्रदेश चुनाव में शिवसेना की भूमिका पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी एनडीए परिवार का हिस्सा है और केंद्र तथा राज्य में गठबंधन के साथ है। हर राजनीतिक दल चाहता है कि उसका विस्तार हो और वह अधिक लोगों की सेवा कर सके। उन्होंने कहा कि शिवसेना भी 2027 के चुनाव में मेहनत करना चाहेगी। 90 के दशक में उत्तर प्रदेश से शिवसेना के विधायक पवन पांडे के चुने जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पार्टी के विधायक यहां से जीतकर आएंगे।
दुबे ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है, गठबंधन के साथ लड़ना है या अलग, इसका फैसला शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे करेंगे। कार्यकर्ताओं का काम नेतृत्व के निर्देशों का पालन करना है। निर्देश मिलने पर पार्टी कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश में जनता के बीच जाएंगे और महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में हुए कार्यों को लोगों तक पहुंचाएंगे। महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के पुराने संबंधों को देखते हुए शिवसेना आगामी चुनाव में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
--आईएएनएस
पीएसके/एबीएम