प्रयागराज : शरीर पर स्लोगन लिखकर और पेड़-पौधे लिए अनोखे अंदाज में लोगों को जागरूक कर रहा शख्स
प्रयागराज, 5 जून (आईएएनएस)। एक ओर जहां पूरे देश में पर्यावरण दिवस, पेड़ पौधे लगाकर या अन्य तरीकों से मनाया जा रहा है। वहीं, प्रयागराज में एक शख्स अनोखे तरीके से पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैला रहा है। यह शख्स अपने शरीर पर पर्यावरण संरक्षण संबंधी स्लोगन और पेड़-पौधे लिए पूरे शहर में भ्रमण कर रहा है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दारागंज इलाके में राजेंद्र कुमार तिवारी उर्फ दुकान जी का एक अनोखा प्रयास देखने को मिला। वह प्रयागराज के दारागंज की सड़कों पर घूम-घूम कर अपने गेटअप और स्लोगन के माध्यम से लोगों को वृक्ष लगाने की सलाह दे रहे हैं। इतना ही नहीं, इनके साथ यहां के लोग भी जुड़कर साथ में उनकी यात्रा में शामिल होकर पेड़ लगाने और उसको सुरक्षित करने की सलाह दे रहे हैं।
वह लोगों से कह रहे हैं कि एक पेड़ जीवन के लिए लगाएं, ताकि आने वाले दिनों में ऑक्सीजन लेकर घूमने की जरूरत ना पड़े। इनका यह भी कहना है कि पेड़ की एक बच्चों की तरह देखभाल करें। विश्व पर्यावरण दिवस पर इन्हीं की यात्रा शहर के विभिन्न जगहों पर देखने को मिल रही है।
राजेंद्र तिवारी उर्फ दुकान जी ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "मैं लोगों से निवेदन करने निकला हूं। घर-घर जाकर निवेदन कर रहा हूं कि पर्यावरण को बचाए रखने के लिए एक पेड़ अवश्य लगाएं। जिस तरह से हमारी भूमि बंजर होती जा रही है और प्रकृति के साथ हम लोग जो खिलवाड़ कर रहे हैं, उसको बंद करना होगा नहीं तो आगे आने वाली युवा पीढ़ी को हम शुद्ध वायु नहीं दे पाएंगे।"
उन्होंने कहा कि शादी-ब्याह या किसी आयोजन में बुके की जगह एक पेड़ देना चाहिए। जिस तरह से पेड़ बढ़ेगा उसी तरह से परिवार बढ़ेगा। इसलिए घर से निकलकर एक पेड़ अवश्य लगाएं। 'सांसें हो रही हैं कम, आओ एक पेड़ लगाएं हम' स्लोगन के साथ अपील कर रहा हूं कि एक पेड़ अवश्य लगाएं।
प्रयागराज की रहने वाली अनामिका चौधरी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सांसे हो रही हैं कम, आओ हम सब मिलकर पेड़ लगाएं और धरती को बचाएं। आज पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है। हम लोगों को चाहिए कि पर्यावरण दिवस के अवसर पर ही नहीं, बल्कि प्रतिदिन एक पौधा जरूर रोपित करना चाहिए। लोग अपने लिए एक पौधा लगाकर उसे बड़ा वृक्ष बनाएं। हमको आना वाली पीढ़ी के लिए पेड़ को लगाना चाहिए। कहा जाता है कि एक पेड़ लगाना 100 पुत्र के समान है।
प्रयागराज के रहने वाले सुनील कुमार ने कहा कि कोरोना काल बीता है, जिस तरह से लोगों की सांसे रुकीं उसी को ध्यान में रखकर 'सांसे हो रही हैं कम, आओ पेड़ लगाएं हम' श्लोगन के साथ लोगों से अपील कर रहे हैं। अगर हम लोग अभी नहीं चेते और पेड़ को नहीं लगाया तो आगे आने वाली पीढ़ी के लिए बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। इसीलिए हम सब दारागंज के पुराने मुहल्ले में सभी लोगों से अपील कर रहे हैं कि अपने जन्मदिन, बच्चों के जन्मदिन और माता-पिता के नाम पर एक पेड़ अवश्य लगाएं।
--आईएएनएस
एसडी/एएस