शांतिपूर्ण मतदान के लिए चुनाव आयोग ने की बहुत कोशिश, लोगों के बीच से डर खत्म : सुवेंदु अधिकारी
नंदीग्राम, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और भवानीपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए चुनाव आयोग की तारीफ की। सुवेंदु अधिकारी लोगों के बीच पहुंचे और मतदान की जानकारी ली।
सुवेंदु अधिकारी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए बहुत कोशिश की है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में केंद्रीय बल मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि लोग भी जागरूक हैं। युवा और बहनें खुलकर सामने आई हैं और मतदान किया है। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच से डर अब खत्म हो गया है और हम सभी मैदान में डटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कैंपेन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में चुनाव हो रहा है, माहौल अच्छा है। हम सभी गांवों में घूम रहे हैं। इस बार भाजपा आने वाली है।
उन्होंने भवानीपुर में भी भाजपा की जीत की उम्मीद जताई और कहा कि सभी हिंदू भाजपा को वोट देने वाले हैं। अन्य जगहों पर भी हमारी ही जीत होगी।
वहीं, पश्चिम बंगाल में गुरुवार को विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान, बरहामपुर निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि जिले के एक बूथ में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) बार-बार खराब हो रही है, जिसके कारण मतदाताओं को भीषण गर्मी में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है ताकि वे अपना वोट डाल सकें।
उन्होंने कहा कि मुझे सुबह से ही खबर मिल रही है कि बूथ नंबर 141 में लगी ईवीएम बार-बार खराब हो रही है। मैंने इस संबंध में शिकायत भी दर्ज कराई थी और ईवीएम को बदलने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान संपन्न हो गया। इस दौरान कुछ जगहों पर हिंसा और तनाव की खबरें सामने आईं। बीरभूम जिले के लाबपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार देबाशीष ओझा के चुनाव एजेंट बिश्वजीत मंडल पर कथित तौर पर हमला किया गया।
इसके साथ ही, दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज से भी हिंसा की खबर आई। मुर्शिदाबाद के नवादा विधानसभा क्षेत्र में आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर और स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेताओं के बीच टकराव हुआ।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम