×

शानदार अवसर: विदेश मंत्रालय में सेक्शन ऑफिसर की 60 वैकेंसी जारी, 17 जुलाई तक करें आवेदन

 

नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तैयारी के साथ तलाश में जुटे युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, विदेश मंत्रालय (एमईए) ने अपने 20 क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालयों (आरपीओ) में प्रतिनियुक्ति के आधार पर सेक्शन ऑफिसर (अनुभाग अधिकारी) या समकक्ष के 60 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं। यह भर्ती शुरू में 2 वर्ष के लिए होगी, अवधि को मौजूदा नियमों के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकता है।

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पोस्ट पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का केंद्र सरकार के किसी भी मंत्रालय/विभाग/कार्यालय में कार्यरत और वेतन मैट्रिक्स के स्तर 8/10 में समान पदों पर नियमित रूप से कार्यरत अधिकारी होना चाहिए। इसी के साथ अधिकारियों के पास अच्छे प्रबंधकीय और पारस्परिक कौशल, अधिकारियों को अन्य संगठनों/मंत्रालयों/विभागों के साथ प्रभावी ढंग से संपर्क स्थापित करने में सक्षम के साथ अच्छी नोटिंग व ड्राफ्टिंग कौशल एवं संचार क्षमता होनी चाहिए।

इसके अलावा, भारत सरकार के मंत्रालयों/विभागों/संबद्ध/अधीनस्थ कार्यालयों में अनुभाग अधिकारी या समकक्ष पद पर कार्य किया होना चाहिए और भारत सरकार में प्रशासन एवं स्थापना, नीति, अदालती मामलों, सूचना एवं सूचना के अधिकार, वित्त एवं लेखा, लेखापरीक्षा और लोक व्यवहार से संबंधित मामलों को संभालने का पूर्व अनुभव होना चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी के आधार पर की जाएगी। वहीं, पद पर चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी वेतन मैट्रिक्स का स्तर 8/10 (7वें सीपीसी के अनुसार) प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'प्रशासनिक अधिकारी (कैडर), पीएसपी डिवीजन, विदेश मंत्रालय, कमरा नंबर 26, पटियाला हाउस, नई दिल्ली' के पते पर पोस्ट कर दें।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम