×

शामली धर्मांतरण मामला: आयुष मलिक की हिंदू धर्म में वापसी पर खाप पंचायत ने समाज से की ये अपील

 

शामली, 30 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में धर्मांतरण के बाद मोहम्मद अली बने युवक आयुष मलिक की हिंदू धर्म में वापसी हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। मामले को लेकर खाप चौधरी बाबा राजेंद्र मलिक ने कहा कि यह समाज के लिए संतोष और खुशी की बात है।

खाप चौधरी बाबा राजेंद्र मलिक ने मंगलवार को आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि युवक वापस अपने परिवार और समाज में लौट आया है। उन्होंने कहना है कि पहले युवक का ब्रेनवाश कर दिया गया था, जिस वजह से उसे अपना ही परिवार और समाज दुश्मन लग रहे थे, लेकिन समाज वालों के समझाने-बुझाने के बाद वह दोबारा अपने परिवार के पास आ गया है। उन्होंने कहा कि समाज और परिवार की भूमिका ऐसे मामलों में बहुत महत्वपूर्ण होती है।

बाबा राजेंद्र मलिक ने कहा कि अब युवक अपने माता-पिता के साथ जुड़ गया है और उसने स्वयं यह स्वीकार किया है कि वह अपने परिवार के साथ रहना चाहता है।

खाप चौधरी ने यह भी कहा कि माता-पिता का स्थान जीवन में सबसे ऊपर होता है और किसी भी परिस्थिति में उनसे दूरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवक का भावुक होना स्वाभाविक है, क्योंकि वह लंबे समय तक अपने परिवार से दूर रहा था। उनके अनुसार जब वह वापस आया तो उसे अपने माता-पिता का स्नेह और अपनापन फिर से महसूस हुआ, जिसके कारण वह भावुक हो गया।

उन्होंने आगे कहा कि समाज को ऐसे मामलों में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए ताकि कोई भी युवा गलत दिशा में न जाए। उनका कहना है कि किसी भी बच्चे, चाहे वह लड़का हो या लड़की, अगर वह भटक जाता है तो समाज की जिम्मेदारी बनती है कि उसे सही रास्ते पर लाया जाए। उन्होंने खाप पंचायतों की भूमिका पर भी जोर देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य समाज को जोड़ना है, न कि तोड़ना।

शामली के दवा व्यापारी देवराज मलिक के पुत्र आयुष मलिक का एक युवती और कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर ब्रेनवॉश कर धर्म परिवर्तन करा दिया था। इस मामले में पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए यह भी आरोप लगाया था कि यह सब संपत्ति हड़पने के लिए कराया गया।

हालांकि अब सोमवार शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें आयुष मलिक ने स्वयं कहा कि उसने अपने पिता और परिवार के लिए धर्म वापसी की है। वीडियो में वह अपने घर के मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए और अपने परिजनों का आशीर्वाद लेते हुए भी नजर आया।

--आईएएनएस

पीआईएम/वीसी