शालीमार बाग में मस्जिद पर कानून के तहत कार्रवाई, इसे राजनीतिक रंग देना गलत : प्रवीण खंडेलवाल
नई दिल्ली, 23 सितंबर (आईएएनएस)। शालीमार बाग में अवैध मस्जिद निर्माण पर कार्रवाई को लेकर एआईएमआईएम के विरोध पर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई कानून के मुताबिक की गई है तो संबंधित धार्मिक समिति से भी सलाह ली गई होगी।
खंडेलवाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "जो कुछ भी हुआ है, वह निश्चित रूप से परिस्थितियों के अनुसार किया गया है। अगर कोई अवैध निर्माण होता है तो कानून के अनुसार उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। इस मामले में भी ऐसा ही हुआ है। मुझे नहीं लगता कि राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस मामले को राजनीतिक रंग देना सही है।"
जमुई मामले में एनकाउंटर के बाद बिहार के सीएम सम्राट चौधरी के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि अपराधियों की कोई जाति नहीं होती, विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर प्रवीण खंडेलवाल ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जाति और धर्म देखकर बयानबाजी करने के अलावा कोई काम नहीं है, इसलिए वह बेबुनियाद आरोप लगाता है। हमारी बिहार सरकार ने तुरंत पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की है। अब अगर सरकार कानून के अनुसार कार्रवाई करती है तो भी विपक्ष को एतराज है। अगर कार्रवाई नहीं होती है तो भी विपक्ष को एतराज है। पहले विपक्ष को तय करना चाहिए कि उसे करना क्या है।
दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के लिए 'पिंक फोर्स' बनाने के उपराज्यपाल के निर्देश पर प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि वह दिल्ली के एलजी के इस आदेश का स्वागत करते हैं। निश्चित रूप से हमारी पूरी पुलिस फोर्स सक्रिय रहती है, लेकिन महिलाओं से जुड़े मामलों में अगर हम पिंक फोर्स को और मजबूत करते हैं तो महिलाएं और भी ज्यादा सुरक्षित महसूस करेंगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दिसंबर 2029 तक भारत को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय गृह मंत्री ने देश से नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प लिया था और आज भारत नक्सलवाद से मुक्त होने की कगार पर है।
उन्होंने कहा, "उसी तरह देश को नशा मुक्त बनाने का संकल्प भी पूरा किया जाएगा। नशे के खिलाफ जो संघर्ष करना होगा, वह किया जाएगा, लेकिन यह तय है कि देश से नशे को खत्म किया जाएगा।"
--आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम