☰
×

राजद नेता शक्ति सिंह यादव का भाजपा पर हमला, बोले- देश में अघोषित इमरजेंसी, लोगों में आक्रोश

 

पटना, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन से पहले पुलिस द्वारा अभिजीत दिपके की गिरफ्तारी को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता शक्ति सिंह यादव ने केंद्र सरकार और भाजपा पर जुबानी हमला किया। उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शन को रोकने के लिए सत्ता का इस्तेमाल किया जा रहा है। देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात हैं और जनता का आक्रोश सरकार के खिलाफ बढ़ रहा है। इसके अलावा, उन्होंने राहुल गांधी के चेन्नई में प्रस्तावित छात्र कार्यक्रम का समर्थन करते हुए कहा कि विपक्ष लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोगों को जागरूक कर रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सरकार को अस्थिर करने के प्रयास संबंधी बयान पर शक्ति सिंह यादव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अस्थिरता एनडीए पैदा कर रहा है और आरोप महागठबंधन और इंडिया गठबंधन पर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस में आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कुर्सियां खाली रह गईं, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। उन्होंने भाजपा नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसे दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपने काम पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने दिल्ली में ट्रेनों को रद्द किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इमरजेंसी के दौरान भी इस तरह की स्थिति नहीं थी। यादव ने दावा किया कि सरकार जनआक्रोश से घबराई हुई है और जनता उसे सत्ता से बाहर कर देगी।

सीजेपी के प्रदर्शन से पहले अभिजीत दिपके की गिरफ्तारी पर राजद नेता ने कहा कि विरोध-प्रदर्शन से सत्ता प्रतिष्ठान हिल गया है। महागठबंधन का आंदोलन दिल्ली से पटना और प्रखंड से जिला स्तर तक पहुंच रहा है। प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से कई किलोमीटर पहले ही रोका जा रहा है। जनता के आक्रोश को ज्यादा समय तक नहीं रोका जा सकता। ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए या उनका इस्तीफा लिया जाए। ऐसा नहीं होने पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ भी लोगों का आक्रोश बढ़ने की बात कही।

चेन्नई में राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर राजद नेता ने कहा कि युवाओं के बीच चुनावी प्रक्रिया और वोट चोरी का मुद्दा पहुंच चुका है। उन्होंने चुनाव आयोग पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। यादव ने कहा कि राहुल गांधी विभिन्न राज्यों में छात्रों के कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर लोकतंत्र से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस के बल पर आंदोलनों को कुचलना चाहती है, लेकिन जनआक्रोश सभी बाधाओं को पार करेगा।

बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर एनडीए की बैठक पर यादव ने कहा कि बैठक बुलाने से कुछ नहीं होगा। भाजपा और जदयू के प्रत्याशियों के बीच आपसी मुकाबला है, जबकि राजद अपने लक्ष्य पर केंद्रित है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी चुनाव में जीत हासिल करेगी।

--आईएएनएस

पीएसके