शाहरुख खान ने इन्फ्लुएंसर सुविज्ञ शर्मा को नहीं भेजा लीगल नोटिस, वकीलों ने जारी किया आधिकारिक बयान
मुंबई, 26 नवंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और इन्फ्लुएंसर सुविज्ञ शर्मा के बीच कथित लीगल नोटिस को लेकर चल रहा विवाद अब एक नया मोड़ ले चुका है। शाहरुख खान की कानूनी टीम हिरानी एंड एसोसिएट्स ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान जारी कर साफ किया है कि अभिनेता की ओर से सुविज्ञ शर्मा को कोई लीगल नोटिस नहीं भेजा गया है।
लॉ फर्म ने 23 नवंबर 2026 की तारीख वाले उस नोटिस को शाहरुख खान से जोड़ने वाली खबरों को गलत बताया है। साथ ही, मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया पेजों से अपील की है कि वे किसी भी जानकारी को प्रकाशित करने से पहले उसकी जांच करें।
हिरानी एंड एसोसिएट्स ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर बयान जारी किया। इसमें लिखा, ''23 नवंबर 2026 की तारीख वाला एक कथित 'लीगल नोटिस', जिसे शाहरुख खान की ओर से जारी बताया जा रहा है, सोशल मीडिया और कुछ समाचार रिपोर्ट्स में शेयर हो रहा है। शाहरुख खान के ऑथराइज्ड वकील होने के नाते हम स्पष्ट करते हैं कि यह नोटिस न तो उन्होंने जारी किया है और न ही उनकी ओर से जारी किया गया है। शाहरुख ने किसी भी वकील या लॉ फर्म को, जिसमें हम भी शामिल हैं, ऐसा नोटिस जारी करने का निर्देश नहीं दिया है।''
बयान में लॉ फर्म ने आगे मीडिया और सोशल मीडिया पेजों से अपील करते हुए लिखा, ''हम मीडिया हाउस और सोशल मीडिया पेजों से अनुरोध करते हैं कि खबर प्रकाशित करने से पहले उसकी जांच करें। साथ ही, ऐसे कंटेंट को या तो सुधारें या हटा दें, जिसमें इस नोटिस को शाहरुख खान से जुड़ा बताया गया है।''
दरअसल, यह पूरा विवाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से शुरू हुआ था। कुछ दिन पहले इन्फ्लुएंसर सुविज्ञ शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील शेयर की थी। इसमें उद्योगपति अनंत अंबानी और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु के बीच बातचीत का एक वीडियो था। रील के जरिए सुविज्ञ ने दावा किया था कि अनंत अंबानी ने बातचीत के दौरान शाहरुख को चुप रहने का इशारा किया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर काफी चर्चा शुरू हो गई।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि शाहरुख खान ने इस रील को शेयर करने वाले सुविज्ञ शर्मा को मानहानि का नोटिस भेजा है। इन रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि नोटिस 23 नवंबर को जारी किया गया, जिसमें सुविज्ञ को 48 घंटे के भीतर विवादित रील हटाने, उससे जुड़े दावों को आगे शेयर नहीं करने और पोस्ट में सुधार करने के लिए कहा गया था। हालांकि, अब शाहरुख की कानूनी टीम ने इस पूरे दावे को खारिज कर दिया है।
--आईएएनएस
पीके/पीएम