×

शाहजहांपुर: आम के बाग में युवक का शव मिला, पुलिस कर रही जांच

 

शाहजहांपुर, 21 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के पुवायां थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव सकरापुर गांव के पास एक आम के बाग में पेड़ से लटकता मिला। शव की शिनाख्त जंडेल के रूप में हुई है। युवक पीलीभीत जिले के करेली थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव का निवासी था।

जानकारी के अनुसार, जंडेल की ससुराल सकरापुर गांव में है। वह एक दिन पहले ही ससुराल आया था। सुबह खेतों की ओर जा रहे गांव वालों की नजर आम के पेड़ पर लटकते शव पर पड़ी। जैसे ही यह खबर फैली, ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुवायां थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची और वहां से विभिन्न साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत आत्महत्या से हुई है या फिर हत्या का मामला है।

इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वाले सदमे में हैं और बार-बार पुलिस से सच्चाई जानने की कोशिश कर रहे हैं। गांव में दहशत का माहौल है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।

पुलिस ने मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मृतक के आने-जाने के कारणों की भी जांच हो रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है और जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।

--आईएएनएस

वीसी