शादी की 38 वीं सालगिरह पर मोहनलाल ने शेयर किया दिल छू लेने वाला मैसेज, नापसंद करती थीं सुचित्रा फिर अटूट बंधन में यूं बंधे
मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल सिर्फ अपनी शानदार फिल्मों और दमदार अभिनय के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी सादगी भरी जिंदगी के लिए भी जाने जाते हैं। करीब चार दशक से ज्यादा समय से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय अभिनेता ने हमेशा अपनी पारिवारिक जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखा, लेकिन जब भी वह पत्नी सुचित्रा के साथ कोई खास पल शेयर करते हैं, तो फैंस उसे खूब पसंद करते हैं।
अपनी शादी की 38वीं सालगिरह के मौके पर भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया, जिसने लोगों का ध्यान खींचा।
दरअसल, मोहनलाल ने अपनी शादी की सालगिरह पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पत्नी सुचित्रा के साथ एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में दोनों न्यूयॉर्क हार्बर स्थित मशहूर स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के पास खड़े नजर आ रहे हैं। तस्वीर में दोनों के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दे रही है।
इस तस्वीर के साथ मोहनलाल ने कैप्शन में लिखा, ''शादी के 38 साल बीत जाने के बाद भी मुझे आज भी ऐसा महसूस होता है जैसे हमारे रिश्ते की अभी शुरुआत ही हुई हो।'' यह पोस्ट सामने आने के बाद फैंस उन्हें शादी की सालगिरह की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
सुचित्रा मशहूर तमिल अभिनेता और निर्माता के. बालाजी की बेटी हैं। बताया जाता है कि जब सुचित्रा ने पहली बार मोहनलाल को फिल्मों में देखा था, तब वह उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं करती थीं। उस समय मोहनलाल फिल्मों में खलनायक की भूमिका निभा रहे थे और उनके अभिनय का असर इतना गहरा था कि सुचित्रा उन्हें सच में नापसंद करने लगी थीं।
हालांकि समय के साथ उनका नजरिया बदल गया। बाद में जब उन्होंने मोहनलाल की दूसरी फिल्में देखीं, तो उन्हें अभिनेता का अलग रूप देखने को मिला। धीरे-धीरे वह उनके अभिनय और व्यक्तित्व से प्रभावित होने लगीं। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और उनका रिश्ता आगे बढ़ने लगा।
कहा जाता है कि दोनों के रिश्ते में एक समय ऐसा भी आया, जब कुंडली न मिलने की वजह से शादी की बात रुक गई थी। परिवारों ने इस रिश्ते को आगे बढ़ाने से मना कर दिया था, लेकिन दोनों ने रिश्ता फिर से आगे बढ़ाने का फैसला किया और साल 1988 में शादी के बंधन में बंध गए।
--आईएएनएस
पीके/वीसी