×

एसएफआईओ भर्ती 2026: 38 पदों पर आवेदन शुरू, फॉर्म करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई

 

नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) ने केंद्र सरकार, राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेशों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, अर्ध-सरकारी/स्वायत्त निकायों या वैधानिक संगठनों के अधिकारियों से डेप्युटेशन (जिसमें शॉर्ट-टर्म कॉन्ट्रैक्ट भी शामिल है) के आधार पर विभिन्न 38 पदों को भरने के लिए योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आमंत्रित किए हैं।

एसएफआईओ की ओर से जारी 38 रिक्तियों में संयुक्त निदेशक (पूंजी बाजार) का 1, उप निदेशक (बैंकिंग) के 2, उप निदेशक (कॉर्पोरेट कानून) के 2, उप निदेशक (फोरेंसिक ऑडिट) का 1, उप निदेशक (जांच) के 3, प्रधान निजी सचिव का 1, वरिष्ठ सहायक निदेशक (बैंकिंग) के 4, वरिष्ठ सहायक निदेशक (पूंजी बाजार) का 1, वरिष्ठ सहायक निदेशक (कॉर्पोरेट कानून) के 4, वरिष्ठ सहायक निदेशक (सीमा शुल्क और केंद्रीय उत्पाद शुल्क) का 1, वरिष्ठ सहायक निदेशक (जांच) के 2, वरिष्ठ सहायक निदेशक (कराधान) का 1, वरिष्ठ अभियोजक के 3 और सहायक निदेशक (जांच) के 12 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म निर्धारित पते पर पहुंचाने की सलाह दी जाती है।

अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संयुक्त निदेशक (पूंजी बाजार) पद के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट या कंपनी सेक्रेटरी या चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट या कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट या मास्टर ऑफ बिनेस एडमिनिस्ट्रेशन (फाइनेंस) या मैनेजमेंट (फाइनेंस) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा; उप निदेशक (बैंकिंग) के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट या कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट या कंपनी सेक्रेटरी या चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट या मैनेजमेंट (फाइनेंस) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा या मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (फाइनेंस) या मास्टर ऑफ बिजनेस इकोनॉमिक्स या मास्टर्स इन कॉमर्स होना चाहिए।

उप निदेशक (कॉर्पोरेट कानून) के लिए किसी भी विषय में डिग्री और लॉ (एलएलबी) में बैचलर डिग्री के साथ ही कॉर्पोरेट लॉ के क्षेत्र में दो वर्ष का अनुभव या लॉ में पांच वर्ष की इंटीग्रेटेड बैचलर डिग्री के साथ ही कॉर्पोरेट लॉ के क्षेत्र में तीन वर्ष का अनुभव; उप निदेशक (फोरेंसिक ऑडिट) के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट या कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट या कंपनी सेक्रेटरी या चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट या मैनेजमेंट (फाइनेंस) में पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा या मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (फाइनेंस) या मास्टर ऑफ बिजनेस इकोनॉमिक्स या मास्टर इन कॉमर्स या लॉ में बैचलर डिग्री होनी चाहिए।

उप निदेशक (जांच) के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री; प्रधान निजी सचिव पद के लिए मूल कैडर/विभाग में नियमित आधार पर समान पद पर कार्यरत या मूल कैडर या विभाग में पे मैट्रिक्स के लेवल-10 या उसके समकक्ष पद पर नियमित आधार पर नियुक्ति के बाद उस ग्रेड में पांच वर्ष की सेवा पूरी कर लिए उम्मीदवार आवेदन करने के पात्र हैं।

वरिष्ठ सहायक निदेशक (बैंकिंग) के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट या कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट या कंपनी सेक्रेटरी या चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट या मैनेजमेंट (फाइनेंस) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा; या बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (फाइनेंस) में मास्टर्स या बिजनेस इकोनॉमिक्स में मास्टर्स या कॉमर्स में मास्टर की डिग्री; वरिष्ठ सहायक निदेशक (पूंजी बाजार) पद के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट या कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट या चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट या मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (फाइनेंस) या पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट (फाइनेंस) या कंपनी सेक्रेटरी; वरिष्ठ सहायक निदेशक (कॉर्पोरेट कानून) के लिए किसी भी विषय में डिग्री और लॉ (एलएलबी) में बैचलर डिग्री के साथ ही कॉर्पोरेट लॉ के क्षेत्र में एक साल का अनुभव; या लॉ में पांच वर्ष की इंटीग्रेटेड बैचलर डिग्री के साथ ही कॉर्पोरेट लॉ के क्षेत्र में दो वर्ष का अनुभव या किसी भी विषय में बैचलर डिग्री और 'इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया' से कंपनी सेक्रेटरी की योग्यता के साथ ही कॉर्पोरेट लॉ के क्षेत्र में दो वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

वरिष्ठ सहायक निदेशक (सीमा शुल्क और केंद्रीय उत्पाद शुल्क) के लिए बैचलर डिग्री और आर्थिक कानूनों को लागू करने के क्षेत्र में तीन वर्ष का अनुभव; वरिष्ठ सहायक निदेशक (जांच) के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री और नियामक कानूनों को लागू करने या आर्थिक अपराधों की जांच और उनसे संबंधित खुफिया जानकारी जुटाने का तीन वर्ष का अनुभव; वरिष्ठ सहायक निदेशक (कराधान) के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री और प्रत्यक्ष कराधान के क्षेत्र में तीन वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

वरिष्ठ अभियोजक के लिए किसी भी विषय में ग्रेजुएशन के साथ ही लॉ (कानून) में बैचलर डिग्री और किसी सरकारी संस्था में कानूनी मुकदमों और कोर्ट के मामलों या कानूनी कामकाज को संभालने का दो वर्ष का अनुभव, सहायक निदेशक (जांच) के लिए ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा सभी पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 7वें सीपीसी के तहत, पे मैट्रिक्स में लेवल 8 से 12 के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। वहीं, चुने गए आवेदकों की पोस्टिंग चेन्नई/दिल्ली/हैदराबाद/कोलकाता/मुंबई में होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एसएफआईओ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'निदेशक, गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय, पंडित दीनदयाल अंत्योदय भवन, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली-110003' पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।

--आईएएनएस

डीके/वीसी