देश में बढ़ने लगी कड़ाके की ठंड, वीडियो में जाने राजस्थान के फतेहपुर में पारा 4.7 डिग्री; 12 शहरों में तापमान 10° से नीचे
नवंबर के आखिरी सप्ताह में देश के कई हिस्सों में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। राजस्थान के 12 और मध्य प्रदेश के 6 शहरों में बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में सबसे कम 4.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, मध्य प्रदेश के दमोह में पारा 7.4 डिग्री पर पहुंच गया। यहां इस सीजन की सबसे ठंडी रात रिकॉर्ड की गई।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी सर्दी का असर तेज हो गया है। यहां कई इलाकों में रात का तापमान माइनस में दर्ज किया जा रहा है। दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में सुबह के समय दृश्यता कम होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
राजस्थान के 12 शहरों में 10 डिग्री से नीचे तापमान
राजस्थान में सर्द हवाओं के चलते रात के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। राज्य के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक नीचे आया है। सीकर जिले के फतेहपुर में लगातार तीसरे दिन तापमान 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री रहा।राज्य में बाड़मेर और जैसलमेर को छोड़कर बाकी सभी शहरों का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। सर्द हवाओं के कारण रात के साथ सुबह और शाम को भी ठिठुरन बढ़ने लगी है। ग्रामीण और खुले इलाकों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश में भी बढ़ी ठंड
मध्य प्रदेश में भी तापमान में गिरावट का दौर जारी है। प्रदेश के 6 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। दमोह में 7.4 डिग्री तापमान के साथ इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। मौसम में बदलाव के चलते आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड और बढ़ने का अनुमान है।मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में अगले दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। इससे इन राज्यों में सर्दी का असर और बढ़ने की संभावना है।
पंजाब-हरियाणा समेत 5 राज्यों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और चंडीगढ़ में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार सुबह भी उत्तर प्रदेश, बिहार और आसपास के राज्यों में कई जगह कोहरा देखने को मिला। सुबह और देर रात वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना
जहां उत्तर और मध्य भारत में ठंड बढ़ रही है, वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 27 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश और केरल में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के बदलते मिजाज के बीच उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर बढ़ने की संभावना है, जबकि दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।