☰
×

सेवा संकल्प यात्रा का विधानसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं, हमारा उद्देश्य सिर्फ सेवा : रोहित मिश्रा

 

सीतापुर, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव से प्रेरित भारतीय जनता युवा मोर्चा की 'सेवा संकल्प यात्रा' को लेकर प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने सीतापुर में प्रेस वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट किया कि वडनगर से काशी और काशी से वडनगर तक बाइक से निकाली जा रही इस 40 हजार किलोमीटर लंबी यात्रा का उद्देश्य विशुद्ध रूप से सेवा है, न कि विधानसभा चुनाव। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस में हालिया बदलावों पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने कहा, "सेवा संकल्प अभियान जो चल रहा है, उसमें भारतीय युवा मोर्चा एक शानदार सेवा यात्रा कर रही है, जो प्रधानमंत्री की जन्मभूमि से कर्मभूमि के लिए तैयार है। फिलहाल सेवा यात्रा जन्मभूमि वडनगर से काशी के लिए प्रस्थान किए हुए लोग हैं, उनमें दो यात्राएं हमारी, वो सीतापुर में उनका प्रवास था। उनके आतिथ्य के लिए यहां मेरा आना हुआ। हमारे जिले के अध्यक्ष और ऐसे हमारे पूरी युवा मोर्चा की टीम शानदार सेवा कार्य करवाते हुए उनसे, उन्हें यहां की सभ्यता और साथ ही साथ ढेर सारे पौराणिक जो यहां स्थल हैं उनको दिखाने का काम किया है, उसी के निमित्त आप लोगों से मिलना हुआ।"

रोहित मिश्रा ने कहा कि ये केवल सेवा के भाव के साथ है। हम कोई विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने चल रहे हैं या इस यात्रा के माध्यम से हमारा ऐसा कोई उद्देश्य नहीं है। हमारा उद्देश्य केवल सेवा कार्य था। ये जो यात्रा है ये उत्तर प्रदेश के 50 जिलों से होकर गुजर रही है तो इसमें कौन सी विधानसभा पड़ी, कौन सी नहीं, ये मैं ये कह सकता हूं कि वो उन विधायकों के लिए होगा जिनकी किस्मत अच्छी होगी, वहां से वो गुजर रही होगी। हमारा इसमें कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है, केवल और केवल सेवा का काम था, वही करने के लिए।

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ये दो तरफ से यात्राएं चल रही हैं। एक तो वडनगर से काशी आ रही है और दूसरी काशी से चलकर वडनगर जा रही है। उनमें अभी हमारी पांच यात्राएं दस अलग-अलग रूट पर, पांच का आगमन उत्तर प्रदेश में हो गया है और जो यहां से जा रही थीं उनमें अभी गुजरात नहीं पहुंच पाई हैं, कुछ राजस्थान, मुंबई और ऐसी-ऐसी जगहों पे हैं। तो दोनों जगह वहां के ईश्वर धाम हैं, वहां ये जाकर जलाभिषेक करेंगे और वहां से जो हमारे सेवा यात्री हैं, दस प्रमुख नदियों का जल लेकर वो बाबा विश्वनाथ पर अभिषेक करेंगे।

उन्होंने कहा कि केवल प्रधानमंत्री मोदी के सेवा का भाव जो रहा है पिछले 25 वर्षों से, वो लगातार भारतीय जनमानस की सेवा कर रहे हैं, उनके प्रति हम ये कह सकते हैं कि हमारे ये भाव हैं, वो भाव दिखाने के लिए और सेवा कार्य से हर युवा के लिए संकल्प लिया गया है।

एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह जन्मभूमि से कर्मभूमि और कर्मभूमि से जन्मभूमि तक की यात्रा है। इन दोनों यात्राओं को मिलाकर हमारे युवा साथी बाइक से प्रधानमंत्री की जन्मभूमि से कर्मभूमि तक लगभग 40 हजार किलोमीटर का सफर तय कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कल दो यात्राओं का रात्रि प्रवास सीतापुर जिले में रहा। उनके स्वागत, आतिथ्य और उनके साथ सेवा कार्य करने के उद्देश्य से ही उनका सीतापुर आना हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से वह लखीमपुर और सीतापुर में हैं और सेवा यात्रियों के साथ आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। 28 हजार ऋषि-मुनियों की इस तपोभूमि पर सेवा यात्री भाइयों के साथ आकर वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं।

वहीं, कांग्रेस में बदलाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे कोई परिवर्तन होने वाला नहीं है। यह उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है, वे बेहतर जानते हैं कि किसको बदलकर क्या साधना चाहते हैं। आराधना मिश्रा मोना का भी उनकी पार्टी में उनके लोग स्वागत करेंगे।

--आईएएनएस

केके/वीसी