सेवा संकल्प अभियान: चंडीगढ़ में भाजपा ने लगाए रक्तदान और अंगदान कैंप, बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग
चंडीगढ़, 20 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चंडीगढ़ इकाई ने रक्तदान और अंगदान कैंपों का आयोजन किया। रविवार को छह अलग-अलग जगहों पर कैंप लगाए गए।
चंडीगढ़ भाजपा के मीडिया इंचार्ज रवि रावत ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज चंडीगढ़ प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने छह जगहों पर रक्तदान और अंगदान कैंप लगाए हैं। इसका मकसद यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर को जनसेवा के 25 साल पूरे कर रहे हैं, और जिस तरह से उनमें सेवा की भावना है और उन्होंने लगातार लोगों की सेवा की है, उसी मनोभाव से हम सभी उनका अनुसरण करते हुए रक्तदान कैंपों के जरिए यह सेवा कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लोगों के फोन आ रहे हैं और वो कैंप के बारे में जानकारी ले रहे हैं। रवि रावत ने बताया कि हमने सुबह करीब 9.30 बजे कैंप लगाने शुरू किए थे। इसके बाद यहां बड़ी अच्छी संख्या में लोग आए हैं।
रवि रावत ने कहा कि बीते दिनों हमने 'आशीर्वाद का दीया' अभियान चलाया था। इसी तरह हम 7 अक्टूबर तक अलग-अलग कार्यक्रम चला रहे हैं। सफाई अभियान के साथ-साथ पौधारोपण भी किया जाएगा। बुजुर्गों की सेवा के लिए फल वितरण का कार्यक्रम भी रख रहे हैं। इसी तरह सेवा के अनेक कार्यक्रम तय हैं।
बता दें कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर देशभर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह दीये जलाए। 7 अक्टूबर को गुजरात के मुख्यमंत्री के बाद से प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होंगे। इसीलिए भाजपा इस अवसर को 'सेवा दिवस' के तौर पर मना रही है।
--आईएएनएस
डीसीएच/