दशहरे के दिन सनसनीखेज वारदात! इंस्टाग्राम कमेंट को लेकर विवाद, मास्क पहने बदमाशों ने 9वीं के छात्र को चाकुओं से गोदा
दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। इंस्टाग्राम पर कमेंट को लेकर चल रही कथित रंजिश में हमलावरों ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले 16 वर्षीय छात्र अरुण की मौत हो गई, जबकि आशु नाम का युवक घायल हो गया।यह वारदात मंगलवार शाम पीतमपुरा के FP ब्लॉक और PU ब्लॉक इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक, दुर्गा विसर्जन के दौरान कुछ लड़कों ने आशु पर चाकू से हमला कर दिया। अपने दोस्त को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे अरुण पर भी हमलावरों ने कई वार किए।
इंस्टाग्राम कमेंट को लेकर चल रही थी रंजिश
जानकारी के मुताबिक, अरुण और आरोपी लड़कों के बीच इंस्टाग्राम पोस्ट पर किए गए कमेंट को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने हमला किया।हमले के दौरान आशु के पैर में चाकू लगा, लेकिन वह वहां से निकलने में कामयाब रहा। दूसरी ओर, अरुण हमलावरों के बीच फंस गया और उस पर चाकू से कई वार किए गए।दोनों घायलों को बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। अरुण 16 साल का था और नौवीं कक्षा में पढ़ता था।
मास्क पहनकर पहुंचे थे हमलावर
बताया जा रहा है कि हमलावर चेहरे पर मास्क लगाकर दुर्गा विसर्जन के दौरान पहुंचे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे मौके से निकल गए और पास के दशहरा ग्राउंड में मौजूद भीड़ में शामिल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए मास्क पहने हुए थे।
CCTV फुटेज के आधार पर 4 नाबालिग गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी नाबालिग हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।