सेना प्रमुख का बयान पाकिस्तान के लिए स्पष्ट संदेश, भारतीय सेना पूरी तरह तैयार : रक्षा विशेषज्ञ पीके सहगल
नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। रक्षा विशेषज्ञ पीके सहगल ने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के हालिया बयान को भारत की सैन्य तैयारी और रणनीतिक क्षमता का स्पष्ट संदेश बताया। उन्होंने कहा कि सेना प्रमुख का बयान पाकिस्तान के लिए स्पष्ट संदेश है।
उन्होंने आईएएनएस से कहा कि सेना प्रमुख का बयान न केवल पाकिस्तान और उसके समर्थकों के लिए, बल्कि देश के भीतर मौजूद सभी लोगों के लिए भी यह संकेत है कि भारतीय सशस्त्र बल हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार और मजबूत हैं।
पीके सहगल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि यह अभी भी जारी है। उनके अनुसार फिलहाल यह एक तरह के विराम की स्थिति में है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर भारतीय सशस्त्र बल ऑपरेशन सिंदूर 2.0 शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भारत की सैन्य तैयारियां लगातार मजबूत की जा रही हैं और किसी भी चुनौती का जवाब देने की क्षमता पहले से अधिक प्रभावी हुई है।
रक्षा विशेषज्ञ ने यह भी कहा कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर से कई महत्वपूर्ण सबक सीखे हैं। इसके अलावा रूस-यूक्रेन युद्ध और मध्य पूर्व में चल रहे संघर्षों से भी भारत ने आधुनिक युद्ध की बदलती प्रकृति को समझा है। इन अनुभवों के आधार पर सेना में लगातार सुधार और आधुनिकीकरण की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि आज का युद्ध केवल पारंपरिक हथियारों तक सीमित नहीं है। आधुनिक समय में साइबर युद्ध, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी तकनीकों की भूमिका तेजी से बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय रक्षा ढांचे में इन उन्नत तकनीकों को लगातार शामिल किया जा रहा है।
पीके सहगल ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बल भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए अपनी क्षमताओं को और मजबूत बना रहे हैं। सेना प्रमुख का बयान यह दर्शाता है कि भारत न केवल वर्तमान सुरक्षा चुनौतियों के लिए तैयार है, बल्कि भविष्य में किसी भी संभावित खतरे का सामना करने के लिए भी पूरी तरह सक्षम और सतर्क है।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी