सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ चेक गणराज्य के लिए हुए रवाना, 4 दिन की आधिकारिक यात्रा
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ रविवार को चेक गणराज्य के लिए रवाना हुए। वह 16 नवंबर से चेक गणराज्य के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। यह आधिकारिक यात्रा 19 नवंबर तक जारी रहेगी। इस चार दिवसीय यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और चेक गणराज्य के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करना, दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी तालमेल बढ़ाना और रक्षा तकनीक एवं उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाएं तलाशना है।
चेक गणराज्य की यात्रा के दौरान जनरल धीरज सेठ यहां चेक सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। वह प्राग स्थित जनरल स्टाफ मुख्यालय में चेक सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रथम उप प्रमुख और उप रक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पेट्र चेपेल्का से मुलाकात करेंगे।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस दौरान दोनों पक्षों के बीच सैन्य सहयोग, प्रशिक्षण, सेनाओं के आधुनिकीकरण पर वार्ता की जाएगी। इसके अलावा, दोनों देशों के शीर्ष सैन्य अधिकारी उभरती सुरक्षा चुनौतियों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।
जनरल धीरज सेठ यहां स्टाफ मुख्यालय में आयोजित पुष्पांजलि समारोह में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। वह चेक गणराज्य के रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। मुलाकात के दौरान आपसी हितों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस यात्रा में रक्षा प्रशिक्षण और सैन्य क्षमताओं को समझने पर भी विशेष फोकस रहेगा।
जनरल धीरज सेठ ब्रनो स्थित डिफेंस यूनिवर्सिटी का दौरा भी करेंगे। इसके साथ ही वह नाटो के संयुक्त रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु रक्षा उत्कृष्टता केंद्र भी जाएंगे। इन दौरों में सेना प्रमुख को चेक सशस्त्र बलों के विशेष प्रशिक्षण, सैन्य अभियानों की क्षमताओं और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की तैयारियों की जानकारी दी जाएगी।
रक्षा तकनीक और उद्योग के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए सेना प्रमुख अंतर-सरकारी रक्षा सहयोग एजेंसी (एमोस), रक्षा एवं सुरक्षा उद्योग संघ और प्रमुख रक्षा विनिर्माताओं के प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे। इन बैठकों में रक्षा उपकरणों, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
दरअसल यह दौरा भारत और चेक गणराज्य के बीच रक्षा संबंधों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण है। दोनों देश नियमित सैन्य संवाद, पेशेवर आदान-प्रदान और रक्षा उद्योग में साझेदारी के माध्यम से अपने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता रखते हैं।
--आईएएनएस
जीसीबी/एसके