×

सीमा सुरक्षा से लेकर जादवपुर हिंसा तक, टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने सीएम सुवेंदु अधिकारी पर साधा निशाना

 

कोलकाता, 24 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सीएम सुवेंदु अधिकारी के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि पिछली सरकार ने सीमा सुरक्षा के लिए कोई काम नहीं किया था।

इस पर सौगत रॉय ने आईएएनएस से कहा, "यह सही नहीं है। जो भी करने की जरूरत थी, पिछली सरकार ने पहले ही कर दिया था और सुवेंदु अधिकारी भी अब कुछ करने की कोशिश कर रहे हैं। उनको कोई जरूरत नहीं है पुरानी सरकार को बोलने का, अभी तो यह उनकी ही जिम्मेदारी है।"

जादवपुर यूनिवर्सिटी में हालिया हिंसक झड़प और तोड़फोड़ की घटनाओं की जांच के लिए बनाई गई जांच समिति के प्रमुख प्रो. शुभा शंकर सरकार ने विवादों के बीच पद संभालने से इनकार करते हुए अपना इस्तीफा दे दिया है। इस पर सौगत रॉय ने कहा कि यूनिवर्सिटी में जो घटना हुई है, उस पर काफी सवाल हैं। इसकी ठीक से जांच होनी चाहिए।

बता दें कि कोलकाता की जादवपुर यूनिवर्सिटी में वामपंथी छात्र संगठनों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के समर्थकों के बीच जमकर हिंसक झड़प, तोड़फोड़ और आगजनी हुई थी। यह विवाद एक जनरल बॉडी मीटिंग को लेकर शुरू हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बाहरी लोगों को बुलाकर हमला करने का आरोप लगाया है।

सीएम सुवेंदु ने कहा था कि अग्निवीर के लिए पुलिस में 20 प्रतिशत पोस्ट है। इस पर टीएमसी सांसद ने कहा कि अग्निवीर जब से शुरू हुआ है, तब से लोगों को इसको लेकर बहुत आपत्ति है, क्योंकि लोग चाहते हैं कि आर्मी में पक्की नौकरी होनी चाहिए। अग्निवीर को इधर लाएंगे, इसके बारे में बोलना मुश्किल है क्योंकि अग्निवीर का प्रोजेक्ट कितना सफल हुआ है, यह अभी साफ नहीं है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम