☰
×

कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर कमांडर समेत दो आतंकियों को किया ढेर: वीडियो में जाने CRPF पोस्ट पर 30 राउंड फायरिंग कर हुए थे फरार, 3 घंटे चली मुठभेड़

 

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जिले के लारू इलाके में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट समेत दो आतंकियों को मार गिराया। मारे गए दूसरे आतंकी की पहचान उमर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों आतंकियों ने पांच दिन पहले नौपोरा अखरान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की चौकी पर हमला किया था। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। हमले के बाद से ही सुरक्षाबल लगातार आतंकियों की तलाश में अभियान चला रहे थे।

कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि मुठभेड़ में मारा गया लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा का घाटी में सक्रिय एकमात्र बचा कमांडर था। उसके साथ उसका साथी उमर भी मारा गया है। सुरक्षाबलों को दोनों आतंकियों के लारू इलाके में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

तलाशी के दौरान जब सुरक्षाबलों की टीम संदिग्ध ठिकाने के नजदीक पहुंची तो वहां छिपे आतंकियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाल लिया। इसके बाद दोनों ओर से लगातार फायरिंग हुई। करीब तीन घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को मार गिराया।

मुठभेड़ के दौरान स्कूलों से बच्चों को सुरक्षित निकाला

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/J35vA9pLirU?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/J35vA9pLirU/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

लारू इलाके में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेना ने आसपास के स्कूलों में मौजूद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरकर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए। मुठभेड़ खत्म होने के बाद इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया गया।

11 नवंबर को सीआरपीएफ चौकी पर किया था हमला

जानकारी के मुताबिक, 11 नवंबर को नौपोरा अखरान इलाके में आतंकियों ने सीआरपीएफ की चौकी पर हमला किया था। इस दौरान आतंकियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की थी। हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे। घायलों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो व राकेश दास के रूप में हुई है। तीनों जवान सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन में तैनात हैं।

इस हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर सामने आया था, जो काफी वायरल हुआ। फुटेज में हमलावर महज 15 सेकेंड के भीतर करीब 30 राउंड फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए थे।हमले के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया था। अब लारू में हुई मुठभेड़ में दोनों संदिग्ध हमलावरों के मारे जाने को सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।