एससीओ की बैठक में 22 देशों के मंत्री होंगे शामिल, 20 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन: गजेंद्र सिंह शेखावत
जोधपुर, 15 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि भारत में 20 तारीख से शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक आयोजित की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर को इस बैठक का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद 21 और 22 नवंबर को विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि इस बैठक में एससीओ के सदस्य देशों के अलावा साझेदार और पर्यवेक्षक देशों को भी आमंत्रित किया गया है।
जोधपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री शेखावत ने बताया कि एससीओ की मॉस्को बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रस्ताव रखा था कि संगठन को केवल द्विपक्षीय, भू-राजनीतिक और राजनयिक बातचीत का मंच बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसके दायरे को व्यापक बनाते हुए संस्कृति सहित अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाया जाना चाहिए। इसी प्रस्ताव को आगे बढ़ाते हुए भारत में इस बैठक का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बैठक में 22 देशों के संस्कृति मंत्रियों और प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। अब तक 15 से अधिक देशों ने इसमें शामिल होने की पुष्टि कर दी है।
देश की सुरक्षा व्यवस्था पर बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले आतंकवाद के कारण देश को लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। तत्कालीन सरकारों की कमजोर इच्छाशक्ति के चलते देश में आए दिन आतंकवादी घटनाएं होती थीं। इसके अलावा, भारत का लगभग एक-तिहाई हिस्सा नक्सलवाद की समस्या से प्रभावित था।
शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मजबूत नेतृत्व में आतंकवाद पर नियंत्रण पाने के साथ नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। देश में शांति और स्थिरता का माहौल बनने से आर्थिक प्रगति को भी गति मिली है और भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति बनाए हुए है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की 100 वर्षों की यात्रा पर शेखावत ने कहा कि संगठन ने सामाजिक समरसता का वातावरण बनाने और नागरिकों के बीच आपसी सद्भाव की भावना विकसित करने के उद्देश्य से लगातार काम किया है। उन्होंने कहा कि संघ के प्रयासों के परिणाम और प्रभाव आज देशभर में दिखाई दे रहे हैं।
राजस्थान पंचायत चुनाव के अंतिम चरण को लेकर केंद्रीय मंत्री ने भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि 20 तारीख को राजस्थान में कमल खिलेगा। ग्रामीण जनता एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार की कार्यशैली, नीतियों और परंपराओं पर अपनी मुहर लगाएगी। उन्होंने भाजपा के चुनाव चिह्न कमल पर चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं भी दीं।
--आईएएनएस
एसएके