☰
×

SCO Forum: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत आएगा पाकिस्तानी मंत्री, पुराना किला बनेगा सभ्यताओं के संवाद का मंच

 

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत दौरे पर आएगा। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक शुक्रवार को दिल्ली में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होंगे। वह पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

यह फोरम 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद संबोधित करेंगे। फोरम का आयोजन संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय संयुक्त रूप से कर रहे हैं।

बिलावल के बाद पहली बार पाकिस्तानी मंत्री का भारत दौरा

मुसादिक मसूद मलिक की भारत यात्रा को इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि मई 2023 में तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा होगी।

भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को फोरम में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। हालांकि, पाकिस्तान ने इसके लिए जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को अपना प्रतिनिधि बनाया है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, उसका प्रतिनिधिमंडल फोरम में विभिन्न विषयों पर होने वाली चर्चाओं में हिस्सा लेगा और SCO के दूसरे सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें भी करेगा।

25 देशों को भेजा गया था निमंत्रण

भारत ने इस आयोजन के लिए कुल 25 देशों को आमंत्रित किया था। इनमें चीन, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका समेत कई देश शामिल हैं।

इनमें से 15 देशों ने फोरम में भाग लेने की पुष्टि की है। भारत का उद्देश्य SCO को केवल राजनीतिक और आर्थिक सहयोग तक सीमित रखने के बजाय सभ्यता, संस्कृति और साझा मानवीय मूल्यों पर संवाद का मंच बनाना है।

पुराना किला में दिखेगी हजारों साल पुरानी विरासत

फोरम के दौरान पुराना किला में ‘अस्तित्व- द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस’ नाम से विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें करीब 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक दिल्ली के इतिहास को पुरातात्विक अवशेषों, कलाकृतियों और वास्तुशिल्प के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा।

पुराना किला में हुई खुदाई से प्री-मौर्य, महाजनपद, मौर्य, शुंग, कुषाण, गुप्तोत्तर, राजपूत, सल्तनत और मुगल काल से जुड़े अवशेष मिले हैं। प्रदर्शनी में प्राचीन बर्तन, सिक्के, मनके, आभूषण, टेराकोटा की आकृतियां और विभिन्न कालखंडों की मूर्तियां दिखाई जाएंगी।

इसके अलावा 18वीं सदी की चित्रों से सजी दुर्लभ महाभारत स्क्रॉल भी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।

18 से 22 नवंबर तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा किला

SCO फोरम और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुराना किला 18 से 22 नवंबर तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। आयोजन समाप्त होने के बाद इसे फिर से आम लोगों के लिए खोला जाएगा।

पुराना किला को आयोजन के लिए चुनने की बड़ी वजह इसका ऐतिहासिक और सभ्यतागत महत्व है। यहां अलग-अलग दौर की सभ्यताओं के अवशेष मिले हैं। ऐसे में भारत ने इस स्थल को SCO देशों के बीच साझा इतिहास, संस्कृति और सभ्यता पर संवाद के लिए उपयुक्त मंच के तौर पर चुना है।

फोरम के जरिए भारत अलग-अलग देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने और साझा विरासत के आधार पर आपसी समझ बढ़ाने की कोशिश करेगा। पाकिस्तान की भागीदारी इस आयोजन को भारत-पाक संबंधों के लिहाज से भी खास बना रही है।