एससीएल भर्ती 2026: तकनीशियन सहित 83 पदों पर निकली वैकेंसी, 1 नवंबर को खुलेगा आवेदन पोर्टल
चंडीगढ़, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रयोगशाला में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त निकाय, सेमी-कंडक्टर लेबोरेटरी (एससीएल) ने नियमित आधार पर रिक्त विभिन्न 83 पदों को भरने के लिए पेशेवरों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आमंत्रित किए हैं।
एससीएल की ओर से जारी 83 रिक्तियों में प्रशासनिक के 12, तकनीकी सहायक के 30 और तकनीशियन ‘बी’ के 41 पद शामिल हैं। प्रशासनिक के 12 पदों में प्रशासनिक अधिकारी के 2, लेखा अधिकारी का 1, क्रय एवं भंडार अधिकारी के 2 और कनिष्ठ निजी सहायक के 7 पद शामिल हैं।
तकनीकी सहायक के 30 पदों में ट्रेड के अनुसार, इलेक्ट्रिकल का 1, मैकेनिकल के 4, इलेक्ट्रॉनिक्स के 12, इंस्ट्रूमेंटेशन के 4, कंप्यूटर साइंस का 1, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के 2, सिविल का 1, केमिकल का 1, फायर एंड सेफ्टी का 1, भौतिक विज्ञान का 1 और रसायन विज्ञान के 2 पद शामिल हैं।
कनीशियन ‘बी’ के 41 पदों में फिटर के 3, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) प्रणाली का रखरखाव के 2, इलेक्ट्रीशियन/इलेक्ट्रिकल के 3, इलेक्ट्रॉनिक्स के 10, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक के 8, इंस्ट्रूमेंटेशन के 6, रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनिंग के 2, ड्राफ्ट्समैन (सिविल) का 1, ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल) के 3, फायर एंड सेफ्टी का 1, प्लंबर का 1 और मैकेनिक का 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 1 नवंबर की सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर की शाम 5 बजे तक तय की गई है। जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एससीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन पोर्टल सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से प्रशासनिक पदों के लिए किसी भी विषय में ग्रेजुएशन/पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री या एचआर/पर्सनेल मैनेजमेंट/वित्त/मटेरियल मैनेजमेंट में एमबीए या इसके समकक्ष डिग्री और कनिष्ठ निजी सहायक के लिए 12वीं उत्तीर्ण होने चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में 10 वर्ष का अनुभव (ग्रेजुएट) या 5 वर्ष का अनुभव (पोस्ट ग्रेजुएट) या 2 वर्ष का अनुभव (एमबीए) होना चाहिए।
तकनीकी सहायक पदों के लिए उम्मीदवारों के पास संबंधित ट्रेड के तहत 3 वर्षीय पूर्णकालिक प्रथम श्रेणी डिप्लोमा या प्रथम श्रेणी बीएससी या प्रथम श्रेणी बैचलर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, अभ्यर्थियों के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद की आवश्यकताओं के अनुसार, योग्यता प्राप्त करने के बाद अनुसंधान और विकास (आर एंड डी) संस्थान/प्रतिष्ठित संगठन/उद्योग में 2 वर्षों का अनुभव होना जरूरी है।
तकनीशियन ‘बी’ पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास मैट्रिकुलेशन/एसएसएलसी के साथ 2 वर्ष का आईटीआई (एनसीवीटी के तहत, फिटर ट्रेड में) या मैट्रिकुलेशन/एसएसएलसी के साथ नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट/नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट संबंधित ट्रेड में होना चाहिए। इसके अलावा, आवेदकों के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद की आवश्यकताओं के अनुसार, योग्यता प्राप्त करने के बाद अनुसंधान और विकास (आर एंड डी) संस्थान/प्रतिष्ठित संगठन/उद्योग में 2 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पदों के अनुसार 25 से 35 वर्षों के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि यानी 30 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार - बहुविकल्पीय प्रश्न), व्यक्तिगत साक्षात्कार, कौशल परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 21,700 से 1,06,740 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग और पद के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस (पुरुष) के लिए 1,200 से 1,500 रुपए के बीच तय की गई है। वहीं, महिलाएं/एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/पूर्व सैनिक को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है। हालांकि, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को प्रोसेसिंग शुल्क 600 रुपए काटकर बचे हुए आवेदन शुल्क वापस कर दिए जाएंगे।
बता दें कि सेमी-कंडक्टर लेबोरेटरी (एससीएल) देश की एकमात्र ऐसी इंटीग्रेटेड डिवाइस मैन्युफैक्चरिंग सुविधा है, जो एप्लिकेशन स्पेसिफिक इंटीग्रेटेड सर्किट (एएसआईसी), ऑप्टो-इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस और माइक्रो इलेक्ट्रो मैकेनिकल सिस्टम (एमईएमएस) डिवाइस के विकास के लिए एंड-टू-एंड समाधान प्रदान करती है। वहीं, कैंडिडेट्स को रिक्तियों से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एससीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी