एसबीआई का दूसरी तिमाही में मुनाफा 14 प्रतिशत बढ़ा, एसेट क्वालिटी में हुआ सुधार
मुंबई, 3 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने मंगलवार को वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे जारी किए। इस दौरान बैंक का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 14.3 प्रतिशत बढ़कर 23,038 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है। इसमें सहयोगी कंपनी में हिस्सेदारी बिक्री से आई एक मुश्त आय भी शामिल है।
एसबीआई को वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में अपनी सहयोगी कंपनी एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड में 6.30 प्रतिशत की हिस्सेदारी बिक्री से 7,288 करोड़ रुपए प्राप्त हुए थे।
इससे पहले वित्त वर्ष 26 की दूसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 20,160 करोड़ रुपए रहा था।
वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 49,143 करोड़ रुपए रही है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 42,847 करोड़ रुपए थी।
वित्त वर्ष 27 की जुलाई-सितंबर अवधि में एसबीआई का ऑपरेटिंग मुनाफा सालाना आधार पर 1.4 प्रतिशत कम होकर 26,937 करोड़ रुपए रह गया है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 27,311 करोड़ रुपए था।
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बैंक का प्रोविजन घटकर 4,217 करोड़ रुपए रह गया है, जो कि एक साल पहले समान अवधि में 5,400 करोड़ रुपए और इससे पहले की तिमाही में 5,047 करोड़ रुपए पर था।
समीक्षा अवधि में बैंक की एसेट क्वालिटी में भी सुधार देखने को मिला है। बैंक का ग्रॉस एनपीए 1.39 प्रतिशत रहा है, जो कि वित्त वर्ष 27 की पहली तिमाही में 1.47 प्रतिशत था। वहीं, नेट एनपीए घटकर 0.36 प्रतिशत हो गया है, जो कि पिछली तिमाही में 0.38 प्रतिशत था।
नतीजों के बाद एसबीआई के शेयर में गिरावट देखने को मिली। यह दोपहर 2:44 पर -0.76 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 979 रुपए पर था। बीते एक महीने में शेयर ने 1.99 प्रतिशत और बीते छह महीने में -8.61 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।
--आईएएनएस
एबीएस