×

सावन का तीसरा: बिहार के शिव मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, 'बोल बम' जयघोष के साथ जलाभिषेक

 

पटना, 17 अगस्त (आईएएनएस)। पवित्र सावन महीने के तीसरे सोमवार के दिन बिहार के अलग-अलग शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग आस्था और उत्साह के साथ मंदिरों में दर्शन पूजन के लिए पहुंचे हैं। कांवड़िए भी अलग-अलग स्थानों से कांवड़ लेकर मंदिरों में जलाभिषेक कर रहे हैं।

बांका में सोमवार रात करीब 2 बजे से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में कांवरिया सुल्तानगंज से गंगाजल भरकर पैदल और वाहनों से करीब 50 किलोमीटर की दूरी तय कर बांका पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई। सुबह से ही शिवालयों में पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा।

इसी तरह, बिहार के मुजफ्फरपुर में स्थित बाबा गरीब नाथ मंदिर में जल अभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। डीएम कुमार गौरव ने बताया कि सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर आते हैं। जिला प्रशासन ने बैरिकेडिंग समेत सभी जरूरी इंतजाम किए हैं।

डीएम कुमार गौरव ने कहा कि 'डाक बम' के तौर पर यात्रा करने वाले कांवड़ियों के लिए भी अलग से इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए अन्य व्यवस्थाएं भी की गई हैं। सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से श्रद्धालुओं की संख्या को मॉनिटर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जहां भी भीड़ बढ़ती है, हम लोग उसी हिसाब से व्यवस्थाएं करते हैं, ताकि उस समय से भीड़ का दबाव कम हो सके। उन्होंने आगे कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सभी व्यवस्थाएं यहां की गई हैं।

सीनियर एसपी कांतेश मिश्रा ने कहा कि आज तीसरा सोमवार है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। हमने पूरे रास्ते पर इंतजाम किए हैं और हर जगह पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। यातायात में भी बदलाव किए गए हैं। पटना जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की एक लाइन को श्रद्धालुओं के लिए रिजर्व की है। पूरे शहर में सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जा रही है।

सावन के तीसरे सोमवार को गंगाजल लेने और अलग-अलग शिव मंदिरों में जाने के लिए बक्सर के रामरेखा घाट पर भी हजारों श्रद्धालु जुटे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एनडीआरएफ की टीमें तैनात कीं और सुरक्षा के इंतजाम किए।

एक श्रद्धालु ने आईएएनएस को बताया कि सावन के दूसरे सोमवार को उन्होंने देवघर में जलाभिषेक किया था। तीसरे सोमवार को काशी जाना था, लेकिन वहां नहीं जा पाए। अब अपने गांव के महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक करेंगे।

--आईएएनएस

डीसीएच/