×

Satya Niketan Building Collapse :सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढही, 6 की मौत; मलबे में छात्रों के फंसे होने की आशंका
 

 

दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक पांच मंजिला जर्जर इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के कई घंटे बाद भी राहत और बचाव अभियान जारी है। आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं।


यह हादसा मोतीबाग इलाके में सत्य निकेतन स्थित शिव मंदिर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि इमारत में पीजी संचालित था, जहां कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के छात्र रहते थे। इमारत में बड़ी संख्या में लोगों के रहने की क्षमता थी, जिसके चलते प्रशासन छात्रों के मलबे में फंसे होने की आशंका को गंभीरता से ले रहा है।
छात्रों के फंसे होने की मिल रही सूचना


इमारत गिरने के बाद स्थानीय लोगों और छात्रों के परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय विधायक के मुताबिक, उन्हें लगातार फोन कॉल आ रहे हैं, जिनमें छात्रों के इमारत के अंदर फंसे होने की जानकारी दी जा रही है। हालांकि, मलबे में फंसे लोगों की सही संख्या का अभी तक आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी संबंधित अधिकारियों को घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।


सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 1:50 बजे स्टेशन ऑफिसर नरेंद्र घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर पता चला कि पांच मंजिला इमारत ढह गई है और कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और अतिरिक्त बचाव दल बुलाए गए। इसके बाद विशेष बचाव टीम, बिग फायर टेंडर और अन्य अधिकारियों को मौके पर भेजा गया।
फिलहाल घटनास्थल पर बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बचाव दल मलबे को हटाकर संभावित रूप से फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि राहत कार्य पूरा होने के बाद ही मृतकों, घायलों और मलबे में फंसे लोगों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी।