×

बिहार: ससुराल में रह रहे दामाद की निर्मम हत्या, चार महिलाएं गिरफ्तार

 

जमुई, 22 मई (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले में मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत काला गांव में ससुराल में रह रहे दामाद जितेंद्र पंडित (35) की परिवार के सदस्यों द्वारा कथित रूप से हत्या कर दी गई। पुलिस ने चार महिलाों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने हत्या कर शव को घर के पिछवाड़े तीन फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया और शव को जल्दी गलाने के लिए करीब 15 पैकेट नमक भी डाला गया। घटना की दुर्गंध से ही पुलिस को गुप्त सूचना मिली और शुक्रवार को शव बरामद कर लिया गया।

मृतक जितेंद्र पंडित झारखंड के मधुपुर का निवासी था। करीब 10 वर्ष पहले उसकी शादी काला गांव की रजनी देवी से हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही वह गृह जामाई बनकर ससुराल में रहने लगा था। दंपति के दो छोटे बच्चे एक 5 वर्षीय बेटी और 2 वर्ष का बेटा हैं।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान मारपीट की गई, जिसमें जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना देने के बजाय शव को छिपाने की कोशिश की। उन्होंने घर के पीछे गड्ढा खोदकर शव को दफन कर दिया और नमक डाल दिया ताकि दुर्गंध कम हो और शव जल्दी सड़ जाए।

पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को शव को बरामद किया। मामले में मृतक की पत्नी रजनी देवी, उसकी मां (सास), बहन (साली) और सरहज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मृतक की पत्नी रजनी ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब का आदी था। घटना वाले दिन भी वह नशे में था और घर में हंगामा कर रहा था। छत से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई। उसने परिवार की अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंधों के आरोपों से इनकार किया है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि विवाद की जड़ पारिवारिक कलह और संभवतः महिलाओं से जुड़े विवाद थे।

जमुई सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया, “प्रथम दृष्टया यह पारिवारिक विवाद में हुई मौत का मामला लग रहा है। परिवार ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की है। हमने शव को गड्ढे से निकालकर जमुई सदर अस्पताल भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण और मारपीट के सबूत सामने आएंगे।

--आईएएनएस

एसएके/डीएससी