×

सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका: 716 पदों पर निकली वैकेंसी, जानें आवेदन की पूरी जानकारी

 

नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। अंडमान और निकोबार प्रशासन, सचिवालय, श्री विजयपुरम ने संयुक्त उच्च माध्यमिक स्तर की परीक्षा, 2026 के तहत विभिन्न विभागों में ग्रुप-बी (एनजी) और ग्रुप-सी के कुल 716 पदों को भरने के लिए पात्र उम्मीदवारों से एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

अंडमान और निकोबार प्रशासन की ओर से जारी 716 रिक्तियों में लैबोरेटरी असिस्टेंट के 15, स्टेनोग्राफर के 3, लोअर डिवीजन क्लर्क के 440, मैकेनिकल फोरमैन का 1, फॉरेस्टर के 36, स्टेनोग्राफर (ओजी) के 36, वेटेरिनरी कंपाउंडर के 3, पटवारी के 8, मिट्टी संरक्षण फील्ड असिस्टेंट के 4, कृषि फील्ड असिस्टेंट के 13, गोदाम कीपर के 2, मत्स्य पालन सब-इंस्पेक्टर के 2, प्लास्टर रूम टेक्नीशियन का 1, टाइपिस्ट का 1, सेल्स असिस्टेंट के 2, ग्राम स्तरीय कार्यकर्ता के 28, ग्राम सेविका के 4, प्रथम श्रेणी में मास्टर के 26, चीफ इंजन ड्राइवर (एसजी) के 11, मास्टर द्वितीय श्रेणी के 13, मरीन रेडियो ऑपरेटर के 11, टैली क्लर्क के 7, स्टोर कीपर (डॉकयार्ड) का 1, सेल्स गर्ल का 1, डिपो क्लर्क के 8, स्टोरकीपर के 3, बुनाई प्रशिक्षक का 1, टाइपिस्ट-कम-क्लर्क के 3, आईटी एनालिस्ट के 7, टैली क्लर्क के 23, फील्ड असिस्टेंट का 1 और कंप्यूटर असिस्टेंट ग्रेड-'ए' का 1 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 जून के दोपहर 12 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 5 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे अंडमान और निकोबार प्रशासन के ऑफिशियल पोर्टल पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान/बोर्ड से संबंधित पद अनुसार 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास पोस्ट के अनुसार अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी जरूरी है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पद और ग्रुप अनुसार 30 से 38 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, टैबलेट-आधारित परीक्षा (टीबीटी), शारीरिक मानक परीक्षा/शारीरिक माप और सहनशक्ति/कौशल/व्यापार परीक्षण, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 7वें सीपीसी वेतन स्तर-2 से स्तर-6 तक होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस श्रेणी से आने वाले पुरुष उम्मीदवारों के लिए 100 रुपए तय किया गया है। वहीं, महिला/अनुसूचित जनजाति/मानक दिव्यंगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबी) उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्तया, चयन प्रक्रिया आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए अंडमान और निकोबार प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम