सीनियर मैनेजर समेत कई पदों पर आवेदन शुरू, जानें योग्यता और सैलरी
नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड (एडब्लूईआईएल) ने संविदा के आधार पर सीनियर मैनेजर (वरिष्ठ प्रबंधक) सहित विभिन्न 9 पदों पर भर्ती के लिए पोस्ट के अनुसार अलग-अलग आधिकारिक अधिसूचना जारी करके योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
एडब्लूईआईएल की ओर से जारी 9 रिक्तियों में वरिष्ठ प्रबंधक (आईटी) का 1, कार्यकारी (कॉर्पोरेट संचार) का 1, कानूनी विशेषज्ञ का 1, कार्यकारी (राजभाषा) का 1 और कनिष्ठ कार्यकारी (मानव संसाधन) के 5 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 27 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 जून तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास कार्यकारी (राजभाषा) पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से हिंदी या अंग्रेजी में मास्टर डिग्री के साथ में डिग्री स्तर पर अंग्रेजी या हिंदी अनिवार्य या वैकल्पिक विषय रहा हो या डिग्री स्तर पर परीक्षा का माध्यम रहा होना चाहिए। वरिष्ठ प्रबंधक (आईटी) पद के लिए इंजीनियरिंग में पूर्णकालिक नियमित ग्रेजुएशन डिग्री, कंप्यूटर/सूचना प्रौद्योगिकी में विशेषज्ञता के साथ या एआईसीटीई/यूजीसी/एमएचआरडी/भारत सरकार/राज्य सरकार द्वारा अनुमोदित संस्थानों/विश्वविद्यालयों से एमसीए होना चाहिए।
कनिष्ठ कार्यकारी (मानव संसाधन) पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान से मानव संसाधन/कार्मिक/आंतरिक संबंध/प्रबंधन एवं आंतरिक संबंध में ग्रेजुएशन की डिग्री कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ होना चाहिए। कार्यकारी (कॉर्पोरेट संचार) पद के लिए सरकारी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान से न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन की डिग्री और दो वर्षीय पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री/दो वर्षीय डिप्लोमा न्यूनतम 65 प्रतिशत अंकों के साथ होना चाहिए।
कानूनी विशेषज्ञ पोस्ट के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय और/या भारत में बार काउंसिल द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ विधि में ग्रेजुएशन (एलएलबी) की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ उम्मीदवार भारत में कहीं भी बार काउंसिल में पंजीकृत होना चाहिए। इसी अलावा सभी पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट के लिए 35 से 45 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 60,000 से 1,10,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड (एडब्लूईआईएल) की ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'निदेशक (मानव संसाधन), एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड, ऑर्डनेंस फैक्ट्री, कानपुर परिसर, कापली रोड, कानपुर, उत्तर प्रदेश -208009' पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक कर दें।
--आईएएनएस
डीके/पीएम