×

सरकार के पास आर्थिक संकट से निपटने का कोई समाधान नहीं : उमंग सिंघार

 

भोपाल, 23 मई (आईएएनएस) पेट्रोल और डीजल के दामों में हुई बढ़ोतरी को लेकर मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि सरकार आर्थिक संकट से निपटने का कोई समाधान नहीं खोज रही है बल्कि जनता को ईंधन बचत का संदेश दे रही है। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के चलते पेट्रोल डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और बीते 10 दिन में तीसरी बार दाम बढ़े हैं।

इसे लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि पेट्रोल-डीजल फिर महंगा हो गया है। सिर्फ नौ दिनों में तीसरी बार कीमतें बढ़ा दी गईं। प्रधानमंत्री विदेश दौरों और इवेंट राजनीति में व्यस्त है और देश की जनता रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष कर रही है।जब दुनिया के कई देश टैक्स घटाकर जनता को राहत देने की कोशिश कर रहे हैं, तब मोदी सरकार लगातार आम आदमी की जेब पर डाका डाल रही है।

महंगाई बढ़ने की आशंका जताते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि डीजल महंगा होगा तो ट्रांसपोर्ट महंगा होगा, ट्रांसपोर्ट महंगा होगा तो सब्जियां, राशन, दूध, दवाइयां सब महंगा होगा। इस आर्थिक संकट से निपटने के लिए सरकार के पास समाधान नहीं,सिर्फ जनता को ईंधन बचाओ का उपदेश है। आने वाले दिनों में भाजपा सरकार की नीतियों का सीधा असर हर घर की रसोई पर पड़ने वाला है।महंगाई अब सिर्फ आर्थिक मुद्दा नही, जनता के धैर्य और मजबूरी की परीक्षा बन चुकी है।

दरअसल, पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। पहले डीजल और पेट्रोल में तीन रुपये की बढ़ोतरी हुई , उसके बाद 90 पैसे और अब तीसरी बार भी एक रुपये से कम की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ने की आशंका भी जोर पकड़ रही है और यही कारण है कि विपक्षी दल सरकार पर हमलावर हैं।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम