☰
×

सरकार बता रही उपलब्धियां, महंगाई-बेरोजगारी पर ध्यान नहीं : राजद विधायक भाई वीरेंद्र

 

पटना, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों में दिए गए उनके बयानों को लेकर राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने निशाना साधा। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और अपराध जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए। इसके साथ ही, उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 8 अक्टूबर को प्रस्तावित ऑल-पार्टी मार्च, सीजेपी के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ एफआईआर और पंजाब के मुख्यमंत्री के ओएसडी के खिलाफ सीबीआई कार्रवाई पर भी प्रतिक्रिया दी।

प्रधानमंत्री मोदी के 'दुश्मन को घर में घुसकर मारा' वाले बयान पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि देश की आजादी में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी समुदायों के लोगों ने कुर्बानी दी है। सरकार का ध्यान हिंदू-मुसलमान के मुद्दे पर ज्यादा रहता है। देश में महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे हैं, लेकिन सरकार का ध्यान इन पर नहीं है। उन्होंने अपराध बढ़ने का भी आरोप लगाते हुए कहा कि इन मुद्दों पर भी सरकार को ध्यान देना चाहिए।

भाई वीरेंद्र ने प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के कार्यक्रमों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की ओर से अपने कार्यकाल की उपलब्धियां दिखाने की बात की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेश यात्राओं के अलावा सरकार ने बेरोजगारों को रोजगार देने और महंगाई रोकने की दिशा में अपेक्षित काम नहीं किया।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 8 अक्टूबर को प्रस्तावित ऑल-पार्टी मार्च को लेकर भाई वीरेंद्र ने कहा कि सरकार चाहे तो किसी पर भी एफआईआर कर सकती है, लेकिन वे इससे डरने वाले नहीं हैं। प्रखंड स्तर पर कार्यक्रम हुआ है और 8 अक्टूबर को राज्यपाल के यहां विरोध प्रदर्शन तथा पैदल मार्च किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ महागठबंधन के विधायक, सांसद और संगठन के पदाधिकारी इस मार्च में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार कानून के जरिए विपक्ष को फंसाना चाहती है तो भी वे पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने देश की आजादी के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में भी लोगों को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अंततः देश आजाद हुआ। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए राजद विधायक ने कहा कि उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए और उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

राहुल गांधी के उस बयान पर भी भाई वीरेंद्र ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का आरोप लगाते हुए भविष्य में सरकार बदलने पर कार्रवाई की बात कही गई थी। गिरिराज सिंह की ओर से राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी के संदर्भ में भाई वीरेंद्र ने कहा कि सरकार को देश की जनता के मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की कमाई का इस्तेमाल ठीक तरीके से नहीं हो रहा है, बेरोजगारी बढ़ रही है और महंगाई चरम पर है। भविष्य में सरकार बनने पर इन मामलों का आकलन किया जाएगा और यह तय किया जाएगा कि किसने क्या किया है और किसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

सीजेपी की ओर से 10 अक्टूबर से जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर भाई वीरेंद्र ने युवाओं से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि चाहे कोई किसी भी राजनीतिक दल या धर्म से जुड़ा हो, युवाओं को देश के भविष्य के रूप में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई और अपराध जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि इन समस्याओं को रोकने के लिए लोगों को आवाज उठानी चाहिए। भाई वीरेंद्र ने आजादी के आंदोलन और आपातकाल के खिलाफ हुए आंदोलन का भी उदाहरण दिया। उन्होंने युवाओं से ऐसे आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया, जिसमें इन मुद्दों को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जा सके।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी के खिलाफ सीबीआई की कार्रवाई को लेकर भी भाई वीरेंद्र ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई जैसी संवैधानिक संस्था का राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। अलग-अलग राजनीतिक दलों में ऐसे लोग मौजूद हैं, जो अपने ही नेताओं और दल की गतिविधियों की जानकारी आगे पहुंचाते हैं। ऐसे लोगों को महत्व दिया जा रहा है और उनके जरिए राजनीतिक विरोधियों पर कार्रवाई की जाती है। विपक्षी दलों के नेताओं को इस तरह की कार्रवाई से डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन विपक्ष अपनी राजनीतिक गतिविधियां जारी रखेगा।

--आईएएनएस

पीएसके