×

सरकार असल मुद्दों को जनता से छिपाने के लिए ले रही मुकदमे का सहारा: उत्तराखंड कांग्रेस

 

देहरादून, 31 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तराखंड की कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर भाजपा पर निशाना साधा है। उनका मानना है कि सरकार असल मुद्दों को जनता से छिपाने के लिए मुकदमे का सहारा ले रही है।

कांग्रेस नेता सुजाता पॉल ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि 8 अगस्त को मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली हुई, जिसके बाद ‘शुद्धिकरण’ किया गया। राहुल गांधी ने करीब 20 दिन बाद प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन एफआईआर राहुल गांधी के खिलाफ ही दर्ज कर दी गई। इससे सरकार की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं।

सुजाता पॉल ने कहा कि रैली के बाद वहां पर वास्तव में गंदगी थी तो उसकी सफाई करना प्रशासन या एमसीडी का काम था। इस मामले में कुछ लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है तो यह गलत है।

एक अन्य महिला कांग्रेस नेता ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान को लेकर देशभर में बहस चल रही है। राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना यह दर्शाता है कि उत्तराखंड में सवाल पूछने वाले को ही आरोपी बनाया जा रहा है।

महिला कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर के शोर के जरिए असल मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कांग्रेस मुकदमे से डरने वाली नहीं है।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पूरे मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जांच का आश्वासन दिया था, लेकिन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में क्या कार्रवाई कर रहे हैं। एक तरफ प्रदेश भाजपा यह कह रही है कि ‘शुद्धिकरण’ करने वाले लोग भाजपा के कार्यकर्ता नहीं हैं और उनका संघ या भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है, जबकि दूसरी ओर इस कार्रवाई का बचाव किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि यदि ऐसा है तो मामले की निष्पक्ष जांच क्यों नहीं कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए जो सवाल उठाए हैं, उससे भाजपा असहज हुई है और अब मुद्दे को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश की जा रही है।

महिला कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर में लगाई गई धाराओं को भी गलत बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन राहुल गांधी घबराने वाले नहीं हैं। राहुल गांधी सभी वर्गों के अधिकारों और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

एक अन्य महिला कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा कि यह प्रदेश की विडंबना है कि दलितों की आवाज बुलंद करने के लिए प्रेस वार्ता करने वाले राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।

महिला कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ राज्य सरकार एक्शन नहीं लेती है तो कांग्रेस एक बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर हो जाएगी।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी