☰
×

'सरदार कथा' में शामिल हुए उपराष्ट्रपति, युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने का आह्वान

 

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को उपराष्ट्रपति भवन में आयोजित 'सरदार कथा' कार्यक्रम में भाग लिया। यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर किया गया। इस संबंध में उपराष्‍ट्रपति राधाकृष्‍णन ने शनिवार को सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर जानकारी देते हुए तस्‍वीरें भी साझा कीं।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध कथावाचक डॉ. शोभना राधाकृष्णन ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को कथा के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इस दौरान भारत के 'लौह पुरुष' के रूप में विख्यात सरदार पटेल की दूरदृष्टि, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय एकीकरण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया गया।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने स्वतंत्रता के बाद भारत की उल्लेखनीय विकास यात्रा और 'विकसित भारत-2047' के लक्ष्य की चर्चा की। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे सरदार पटेल के एकता, साहस, अनुशासन और नि:स्वार्थ सेवा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरदार पटेल के विचार आज भी देशवासियों को प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इससे पहले, उपराष्ट्रपति ने नई दिल्ली के सरदार पटेल चौक पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

उपराष्ट्रपति ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "नई दिल्ली के सरदार पटेल चौक पर भारत के 'लौह पुरुष' सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दिन को 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के रूप में मनाया जाता है। सरदार पटेल का असाधारण जीवन और उनकी विरासत, राष्ट्रीय एकता, अटूट संकल्प और नि:स्वार्थ सेवा की शक्ति का एक स्थायी प्रमाण है।"

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी