महालक्ष्मी सरस प्रदर्शनी 2026 से महिलाओं को फायदा, विकास ही सरकार की प्राथमिकता: योगेश कदम
मुंबई, 2 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में महालक्ष्मी सरस प्रदर्शनी 2026 को लेकर गृह राज्य मंत्री योगेश रामदास कदम ने कहा कि इसमें लगातार हो रहा बदलाव लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है, जिससे महिलाओं का सबसे ज्यादा फायदा हो रहा है।
महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश रामदास कदम ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम कई वर्षों से होता आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का जो सपना देखा है, वह पूरा होना चाहिए। इसके लिए हमारी सरकार लगातार प्रयास कर रही है और लोगों को जागरूक कर रही है।
उन्होंने कहा कि हमारे यहां महिलाओं के लिए रोजगार के लिए कई योजनाएं चल रही हैं। इसी तरह अगर वह अपना कुछ रोजगार शुरू करना चाहती है, तो उसके लिए सरकार की तरफ से उनकी सहायता भी की जाती है। इस कार्यक्रम के माध्यम से भी प्रदेश की महिलाओं को अपना रोजगार लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मंत्री योगेश रामदास कदम ने कहा कि प्रदेश में लगातार कार्यक्रमों का विस्तार हो रहा है। अधिक से अधिक लोगों को इसका फायदा पहुंच रहा है। हर साल सरकार की तरफ से कुछ नया काम शुरू करने के लिए प्रेरित किया जाता है, जिससे महिलाओं का विकास तेजी से हो सके। इस बार 40 करोड़ का टर्नओवर होने की आशा है।
पुणे में नाबालिग के साथ बलात्कार और हत्या के मामले पर मंत्री योगेश कदम ने कहा, "जांच अभी जारी है और हमारी पूरी कोशिश है कि उस व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा मिले। हमारी यही कोशिश है।"
पश्चिम बंगाल चुनाव पर मंत्री योगेश कदम ने कहा, "पश्चिम बंगाल के नागरिकों ने तय कर लिया है कि वे एक विकासोन्मुखी सरकार चाहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा कोई और विकास नहीं ला सकता। जनता को भाजपा सरकार पर विश्वास है और ये बात टीएमसी को भी पता है। जनता ने पूरा मन बना लिया है। 4 मई के परिणाम के साथ सबको ये जानकारी मिल जाएगी। जो पार्टी जनता की बातों को ध्यान नहीं देती है, उसे जनता हटा देती है। यही पश्चिम बंगाल में होने वाला है।"
--आईएएनएस
एसएके/वीसी