सराय काले खां एफओबी पर थूकने वालों के खिलाफ एनसीआरटीसी का अभियान तेज, 56 लोगों के काटे गए चालान
नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। नमो भारत कॉरिडोर पर स्वच्छता बनाए रखने और यात्रियों में नागरिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने सराय काले खां नमो भारत स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) पर विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर थूकने, गंदगी फैलाने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
एनसीआरटीसी अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान यात्रियों को सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई बनाए रखने के महत्व के बारे में विस्तार से जागरूक किया जा रहा है। उन्हें बताया जा रहा है कि च्युइंग गम, पान, गुटखा, तंबाकू या अन्य पदार्थों को सार्वजनिक स्थानों, विशेषकर आधुनिक मास ट्रांजिट इंफ्रास्ट्रक्चर में थूकना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस तरह की गतिविधियां न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि गंदगी फैलाकर अन्य यात्रियों को भी असुविधा पहुंचाती हैं और देश की आधुनिक परिवहन व्यवस्था की छवि को भी प्रभावित करती हैं।
अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। 30 जुलाई 2026 तक सराय काले खां एफओबी पर मेट्रो रेलवे (संचालन एवं रखरखाव) अधिनियम, 2002 की धारा-59 के तहत कुल 56 चालान काटे जा चुके हैं। एनसीआरटीसी का कहना है कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ताकि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।
एनसीआरटीसी ने बताया कि अधिकांश नमो भारत यात्री स्वच्छता के प्रति सजग हैं और स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करते हैं। कई यात्री स्वयं भी दूसरों को गंदगी फैलाने से रोकते हैं। इसके बावजूद कुछ लोग स्टेशन परिसर में पेपर क्यूआर टिकट, प्लास्टिक कचरा और अन्य अपशिष्ट इधर-उधर फेंक देते हैं। वहीं, कई स्थानों पर पान और गुटखे के दाग भी देखने को मिलते हैं, जो यह दर्शाते हैं कि जागरूकता अभियान की अभी भी लगातार आवश्यकता है।
स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में डस्टबिन तथा पेपर क्यूआर टिकटों के निस्तारण के लिए विशेष संग्रह बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित रूप से स्वच्छता संबंधी घोषणाएं भी की जाती हैं, ताकि यात्री साफ-सफाई के नियमों का पालन करें।
एनसीआरटीसी ने स्पष्ट किया है कि नमो भारत प्रणाली में तंबाकू और शराब को साथ लेकर चलना अथवा उनका सेवन करना पूर्णतः प्रतिबंधित है। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाती है।
एनसीआरटीसी का कहना है कि स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था केवल प्रशासन की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए यात्रियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, सार्वजनिक स्थानों पर थूकने और कचरा फैलाने से बचें तथा स्वच्छ, स्वस्थ और सुखद यात्रा वातावरण बनाए रखने में अपना सक्रिय योगदान दें।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी