सपा विधायक संग्राम यादव बोले- 2027 में पीडीए की एकजुटता से सामाजिक न्याय के राज की होगी स्थापना
आजमगढ़, 25 नवंबर (आईएएनएस)। अतरौलिया से समाजवादी पार्टी के विधायक संग्राम यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार जताया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पीडीए की एकजुटता 2027 में सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेगी और पीड़ित, दुखी, युवा, छात्र, बेरोजगार और महिलाएं मिलकर भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देंगे।
सपा विधायक संग्राम यादव ने कहा, "राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का बहुत-बहुत आभार है कि नेताजी ने जिस परंपरा को बनाया था, उसे उन्होंने आगे बढ़ाया। हमारा जो समाजवादी आंदोलन या समाजवादी पार्टी है, नेताजी का जो विश्वास था, वही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। उस विश्वास को अखिलेश यादव ने आगे बढ़ाया। हम विश्वास दिलाना चाहते हैं कि उनका उद्देश्य, यानी पीडीए की एकजुटता, 2027 में सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेगी। जो पीड़ित हैं, दुखी हैं, अपमानित लोग हैं, युवा, छात्र, नौजवान, बेरोजगार और महिलाएं मिलकर भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देंगे।
सपा-कांग्रेस सीट शेयरिंग को लेकर सपा विधायक ने कहा कि जहां तक इंडी गठबंधन का सवाल है, उसको लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने समिति गठित कर दी है। इस तरह के सवालों का जवाब वही लोग देंगे। अगर आप अपने प्रदेश के नौजवानों के सपने छीनेंगे, उत्तर प्रदेश के किसानों को सपना दिखाएंगे कि उनकी आय दोगुनी हो जाएगी और डीएपी खाद को लेकर ही किसान आंदोलन करेंगे, शिक्षक भर्ती में पिछड़ों के आरक्षण के साथ जितना भेदभाव हुआ, आज भी अन्याय हो रहा है, शोषण हो रहा है। बाबा साहब के संविधान को मानने वाले लोग जब उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव होते हुए नहीं देखते हैं, तो उनके मन में शंका उत्पन्न होती है।
उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ, जो हमारे संविधान का मूल स्वरूप है, उसके विपरीत अस्थायी नौकरियों और आउटसोर्सिंग की व्यवस्था थोपी जा रही है। ऐसे समय में राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में इंडी गठबंधन जनता, किसानों, छात्रों और नौजवानों की आवाज बनकर अन्याय और अहंकारी सत्ता को बाहर का रास्ता दिखाएगा।
अतरौलिया की सीट को लेकर सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने अपने दोनों बेटों के साथ मुख्यमंत्री से मंगलवार को मुलाकात की। इसे लेकर संग्राम यादव ने कहा कि मुलाकात होना अलग बात है, लेकिन आज किसान अस्पतालों में कैंसर जैसी घातक बीमारियों से जूझ रहे हैं। आए दिन मौतें हो रही हैं। हार्ट अटैक की बीमारी गांव-गांव फैल चुकी है। 68,500 शिक्षकों की भर्ती में जो आरक्षण की विसंगतियां हैं, या पंचायत चुनाव न कराकर लोकतंत्र की आत्मा को कमजोर किया जा रहा है, अगर इन सवालों पर मुलाकात होती तो जनता के लिए कोई सकारात्मक परिणाम निकलकर आता।
सपा विधायक ने कहा कि हमारे सामने लक्ष्य बड़ा है। हमारे सामने वे नौजवान हैं जो दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। हम भाजपा के उस घोषणापत्र की ओर देख रहे हैं, जिसमें कहा गया था कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के विश्वविद्यालय बनाए जाएंगे। आज वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के विश्वविद्यालय कहां हैं? जो कहा गया था कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएंगी, आज वही स्वास्थ्य व्यवस्था खुद बीमार हो गई है और उसे इलाज की जरूरत है।
--आईएएनएस
केके/एबीएम