×

सपा विधायक का बड़ा दावा- 'अस्पताल पहुंचने से पहले हुई प्रतीक यादव की मौत, शरीर पर चोट के निशान'

 

लखनऊ, 13 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ​​ने मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया और एक विशेष जांच की मांग की। पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाए हुए उन्होंने कहा कि प्रतीक यादव के शरीर पर चोट के निशान थे। इसलिए हमारी मांग है कि जांच होनी चाहिए।

सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने आईएएनएस से बातचीत में दावा किया कि प्रतीक यादव की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा, "मैंने मालूम किया कि प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम क्यों हो रहा है। डॉक्टर का कहना है कि उनकी मौत सामान्य नहीं है, बल्कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। इसलिए पोस्टमार्टम हो रहा है। मुझे यह भी पता चला है कि प्रतीक यादव के शरीर पर चोट के निशान भी थे।"

सपा विधायक ने कहा, "मैं बस इतना कह सकता हूं कि उनकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। वे युवा थे और जिम में मेहनत करते थे। डॉक्टर के पास पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया और अभी उनका पोस्टमॉर्टम हो रहा है। आम तौर पर सामान्य स्थितियों में पोस्टमॉर्टम नहीं होता। संदिग्ध परिस्थितियों में ही पोस्टमॉर्टम किया जाता है। इसलिए, जांच होनी चाहिए कि मौत का क्या कारण है?"

इससे पहले, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता शौकत अली ने प्रतीक यादव की मौत को लेकर जांच की मांग की। उन्होंने कहा, "हमने एक युवा व्यक्ति को खो दिया है। इस मामले की जांच होनी चाहिए।"

उन्होंने कहा, "वह एक ऐसे युवा थे जो समाज की सेवा कर रहे थे, और अब वह हमारे बीच नहीं रहे। यह हम सभी के लिए बहुत चिंता और दुख का विषय है। यह एक बहुत ही दुखद घटना है और इसके सभी पहलुओं की ठीक से जांच होनी चाहिए। यह पता लगाया जाना चाहिए कि उनका निधन किस कारण से हुआ है। जांच में जो भी चीजें स्पष्ट होंगी, वो सबको पता भी चलेगा।"

वहीं, प्रतीक यादव के निधन पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "हमें सुबह-सुबह सूचना मिली कि प्रतीक यादव अब नहीं रहे। विश्वास नहीं हो रहा था। यह एक बहुत ही दुखद और दर्दनाक घटना है। मैं दुखी मन से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। प्रार्थना है कि ईश्वर शोककुल परिवार को इतने बड़े दुख को सहन करने की ताकत दे।"

--आईएएनएस

डीसीएच/