×

सपा सांसद राजीव राय का केंद्र सरकार पर तंज, कहा-'देश से झूठ बोलने के लिए माफी मांगे सरकार'

 

नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। नक्सलवाद को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए बयान को सपा सांसद राजीव कुमार राय ने गलत बताया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार को मांफी मांगनी चाहिए, सरकार झूठ फैलाने का काम कर रही है।

समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव कुमार राय ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "सबसे पहले तो सरकार को माफी मांगनी चाहिए। जिस भी राज्य में चुनाव होते हैं, सरकार वहां जाकर झूठ फैलाती है और यह दावा करती है कि हमने किया है। नक्सलवाद खत्म करने का काम काफी पहले से किया जा रहा है और इसमें कुछ नया नहीं है।

उन्होंने घुसपैठिये वाले बयान पर कहा कि झारखंड, बिहार और दिल्ली से आए घुसपैठिए कहां चले गए। जब ​​उत्तर प्रदेश में चार लोग पकड़े गए, तो उन्हें ले जाकर बंगाल में छोड़ दिया गया। अगर ऐसी अक्षम सरकार चुनाव के बाद बिना कोई आंकड़ा बताए सिर्फ घुसपैठियों की बात करती है, तो यह देश के लिए बहुत खतरनाक है।"

उन्होंने कहा, "मंत्री और सरकार जो कुछ भी कहते हैं, वह पूरा देश जानता है। वे वहां बोलते हैं जहां उन्हें नहीं बोलना चाहिए। इस तरह के बयान लोगों का ध्यान भटकाने के लिए होते हैं। आप राजनीति में एक एजेंडा लेकर आते हैं, सुबह बात करते हैं और आपकी स्क्रिप्ट पहले से ही तैयार होती है। जब श्रीकांत शिंदे ने नोटिस जारी किया, जब उसे मंज़ूरी मिली, तो हमने खुद भी कई नोटिस जारी किए। एक तरह से वे ऐसे नैरेटिव के आधार पर चुनाव लड़ते हैं जिसका देश की असलियत से कोई लेना-देना नहीं होता।"

उन्होंने कहा, "ऐसे ही वे कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते थे, कोई हिंसा का समर्थन नहीं करता है। समाज में जाति, मजहब और परिवेश देखकर अन्याय होता है। कोई बचपन से नक्सली पैदा नहीं होता है। अगर सरकार लगातार इसी तरह दमनकारी नीति अपनाए भेदभाव करती रहे, लोगों में असमानता का भाव रहे, तो यह भाषणों में अच्छा लगता है लेकिन जमीन पर हकीकत नजर नहीं आती है।"

वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कहा, "नक्सलवाद खत्म हुआ, उसका स्वागत है लेकिन इसके लिए शहादत किसने दी? शहादत कांग्रेस ने दी, कांग्रेस का पूरा नेतृत्व इसके कारण खत्म हुआ। सलवा जुडूम कांग्रेस ने शुरू किया। हमारा पूरा नेतृत्व इसमें मार दिया गया। आप हम पर सवाल खड़े कर रहे हैं, कांग्रेस शहीदों की पार्टी है। आजादी के जंग में शहादत देने वाली कांग्रेस, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में शहादत देने वाली कांग्रेस, अपने पूरे नेतृत्व को खोने वाली कांग्रेस। कांग्रेस पर सवालिया निशान खड़ा करने से सवाल आप पर उठेगा।"

--आईएएनएस

एसएके/पीएम