×

अखिलेश यादव ने जयंत चौधरी के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल किया, उससे लोगों की भावनाएं आहत हुईं: चंदन चौहान

 

सहारनपुर, 22 अगस्त (आईएएनएस)। बिजनौर से सांसद चंदन चौहान ने जयंत चौधरी को लेकर हो रही राजनीतिक बयानबाजी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि जयंत चौधरी हमेशा सभी लोगों का सम्मान करते आए हैं और उनके लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जाना लोगों की भावनाओं को आहत करता है।

सांसद चंदन चौहान ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जयंत चौधरी सभी का ध्यान रखते हैं और हर वर्ग के लोगों का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि छोटे से बड़े सभी लोगों के साथ जयंत चौधरी के संबंध अच्छे रहे हैं। ऐसे में यदि उनके लिए किसी तरह की आपत्तिजनक या अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया जाता है तो निश्चित रूप से लोगों की भावनाएं आहत होती हैं। लोकतंत्र में जनता ही सर्वोच्च होती है। जनता जिसे सत्ता की कुर्सी पर बैठाती है, वही जरूरत पड़ने पर किसी को सत्ता से बाहर भी कर सकती है।

चंदन चौहान ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी को लेकर भी कहा कि नेताओं को अपनी भाषा और आचरण पर संयम रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी का राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव पड़ता है।

बसपा मुखिया मायावती के बयान का समर्थन करते हुए चंदन चौहान ने कहा कि वह बिल्कुल सही कह रही हैं। सार्वजनिक जीवन में शब्दों का इस्तेमाल सोच-समझकर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सम्मान और मान-सम्मान की भावना रखने वाले लोगों का अपमान नहीं होना चाहिए। मायावती को लंबा राजनीतिक अनुभव है। यदि उन्होंने कोई बात कही है तो निश्चित रूप से सोच-समझकर कही होंगी।

'वंदे मातरम' को लेकर चल रहे विवाद पर चंदन चौहान ने कहा कि इस मुद्दे पर किसी तरह का बवाल नहीं होना चाहिए। उन्होंने वंदे मातरम को देश की भावनाओं से जुड़ा विषय बताया। देश और लोगों की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए तथा ऐसे मुद्दों को विवाद का रूप देने के बजाय संयम और समझदारी से देखा जाना चाहिए।

कांग्रेस को लेकर चंदन चौहान ने कहा कि पार्टी इस समय क्या कर रही है, इसे देश की जनता देख रही है। उन्होंने कहा कि जनता हर राजनीतिक गतिविधि का समय आने पर आकलन करती है और चुनाव के दौरान अपने फैसले के जरिए इसका जवाब देती है।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी