सांसद पप्पू यादव के बिगड़े बोल, बिहार पुलिस की तुलना गुंडों और आतंकवादियों से की
पटना, 5 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के पूर्णिया लोकसभा सीट से सांसद पप्पू यादव ने प्रदेश की पुलिस की कार्यशैली पर जोरदार तंज कसा। उन्होंने कहा कि पुलिस के जवान लोगों से अभद्र भाषा में बात कर रहे हैं। राजनीतिक दबाव या फिर भ्रष्ट अधिकारी की शह पर पुलिस वाले कभी लोगों की कमर में पिस्टल लगा रहे हैं तो कभी एनकाउंटर कर डालते हैं।
पप्पू यादव का यह बयान उस वक्त आया है, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ पुलिसवाले जबरन एक शख्स की कमर में पिस्टल लगाते हुए दिखे।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद पप्पू यादव के पुलिस को गुंडा बताया। उन्होंने कहा, “बिहार पुलिस की कार्यशैली अब आतंकवादी प्रवृत्ति वाली हो गई है। पुलिस से बड़ा कोई गुंडा नहीं है। पुलिस मुख्यालय में रावण और कंस जैसे लोग बैठ गए हैं। राजनीतिक द्वेष के कारण पुलिस निर्दोष लोगों को पीट रही है, गोली मार रही है और उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है।”
भरत तिवारी मामले पर मंत्री अशोक चौधरी के घर पहुंचने का जिक्र करते हुए पप्पू यादव ने कहा, “नाटक करने से क्या फायदा होगा? 20 साल नाटक कर लिए, लेकिन किसी को न्याय मिला। यह पूरा खेल उच्च जाति के लोगों का है, क्योंकि ब्राह्मणों का एनडीए से मोहभंग हो गया है। ब्राह्मण समाज अब क्रोधित है।
उन्होंने कहा कि सरकार को मुआवजे के रूप में कम से कम एक करोड़ रुपए देना चाहिए। भरत तिवारी के एनकाउंटर में शामिल पुलिस अधिकारियों के खिलाफ 302 का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। अगर न्याय दिलाना है तो सीएम सीबीआई जांच करवाए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
राजद के स्थापना दिवस पर तेजस्वी यादव के विदेशी दौरे पर तंज कसते हुए पप्पू यादव ने कहा कि राजद अब लालू प्रसाद यादव वाली नहीं रही। भाजपा को नई वाली राजद पसंद है, क्योंकि उन्हें लगता है कि नई राजद को जिंदा रहने दो और खुद भी जिंदा रहो।
लालू यादव की सुरक्षा को लेकर पप्पू यादव ने कहा कि वे पूर्व में सीएम रहे हैं तो उनकी सुरक्षा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा इसीलिए हटाई गई, ताकि चुनाव जीत सके। चुनाव खत्म हो चुके हैं तो उनकी सुरक्षा फिर से बहाल कर दी गई है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी