×

संसद में भागने वाले वीडियो पर भाजपा सांसद रविकिशन ने कहा- बैठक में होना था शामिल

 

मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रतिष्ठित हस्तियों को जहां लोगों से भरपूर प्यार मिलता है, तो कभी कभी कुछ वजहों से ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। सोशल मीडिया के इस दौर में मीम्स और ट्रोलिंग आम जनता से लेकर बड़ी हस्तियों तक को प्रभावित करती है। ऐसा ही कुछ अभिनेता और भाजपा सांसद रविकिशन के साथ हुआ।

दरअसल, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार के विमान दुर्घटना में निधन की खबर आने के बाद रविकिशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में रवि किशन संसद परिसर में भागते हुए दिखाई दिए थे। इस दौरान मीडिया के साथ बातचीत में हड़बड़ी में उनकी ज़बान से कुछ शब्द निकले थे। वीडियो में उनकी जल्दबाजी और भावुकता देखकर लोग ट्रोल करने लगे थे। कई यूजर्स ने इसे नाटकीय और दिखावा बताया था।

इस वीडियो पर अभिनेता ने अब खुलकर बात की। अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर पर एक पॉडकास्ट का वीडियो शेयर किया। जब उनसे उस वीडियो के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इस पर खुलासा करते हुए बताया कि उस दिन संसद में बैठक होने वाली थी। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के आने के साथ हाउस की कार्यवाही शुरू होनी थी। अगर वह समय पर अंदर नहीं पहुंचते, तो उनकी देरी सबके सामने आ जाती।

उन्होंने कहा, "मैं आपको बस इतना बताना चाहता हूं कि उस दिन मैं वहां मौजूद था और तभी खबर आई कि डिप्टी सीएम का निधन हो गया। मैं संसद की ओर भाग रहा था क्योंकि उस समय स्पीच चल रही थी। मैंने देखा कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति अंदर जा रहे हैं और मुझे देर हो गई थी। मुझे पता था कि अगर मैं अंदर समय से नहीं पहुंचूंगा, तो वे अंदर चले जाएंगे। हाउस की बैठक शुरू हो जाएगी और देर से पहुंचने पर सब मुझे ही देखेंगे।

उन्होंने कहा कि तभी मीडिया वहां पहुंच गई और उन्होंने मुझसे उनके निधन के बारे में पूछ लिया और मैंने भी हड़बड़ी में एक शब्द कहा, वही वायरल हो गया।

उन्होंने आगे कहा कि मेरी जिंदगी में जो भी बड़े हादसे या घटनाएं होती हैं, वे हमेशा राष्ट्रीय स्तर पर महसूस होती हैं।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम