×

संजय झा बोले- 'बांकीपुर में बड़े अंतर से मिलेगी एनडीए प्रत्याशी को जीत', सम्राट चौधरी के 100 दिन के काम को सराहा

 

पटना, 8 जुलाई (आईएएनएस)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में विकास किया है और निश्चित तौर पर बांकीपुर में एनडीए को बड़े अंतर से जीत मिलेगी। इस दौरान, संजय झा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 100 दिन के कार्यकाल की प्रशंसा की।

बांकीपुर उपचुनाव पर संजय झा ने पटना में मीडिया से बात करते हुए कहा, "यह पूरे बिहार राज्य के लिए और खासकर बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के लिए बहुत गर्व का क्षण है कि वहां के विधायक या मंत्री देश की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। शायद भाजपा में यह पहली बार है कि बिहार का कोई व्यक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है। निस्संदेह, वहां के मतदाता बहुत बड़े अंतर से एनडीए का समर्थन करेंगे।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियां परिवारों से बाहर नहीं निकलीं। ये लोग समझते हैं कि एक परिवार ही पूरी पार्टी है। इसलिए भाजपा में एक कार्यकर्ता को भी अवसर मिलता है। नितिन नवीन भी एक कार्यकर्ता रहे हैं। उनके पिता विधायक थे। आज नितिन नवीन पार्टी को कहां से कहां लेकर पहुंचे हैं।

संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार और फिर सम्राट चौधरी, एनडीए सरकार ने बिहार में विकास किया है। यहां की जनता ने इसको महसूस किया है। आज कोई पटना एयरपोर्ट पर उतरता है तो उससे पूछना चाहिए कि वह कैसा अनुभव कर रहा है। उसको पटना बदला हुआ दिखाई देता है या नहीं देता है। अगर कोई 5-7 साल आया हो, तो हो सकता है कि उसे पटना पहचान में भी नहीं आए। यह बदलाव एनडीए सरकार ने किया है।

जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि निश्चित रूप से बांकीपुर में एनडीए बहुत बड़े अंतर से जीत हासिल करेगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 100 दिन के कार्यकाल को लेकर संजय झा ने कहा, "उन्होंने बहुत जबरदस्त काम किया है। सीएम ने चीजों का सरलीकरण किया है, खासतौर पर निवेश को लेकर। यह राज्य के सामने एक बड़ी चुनौती थी।

संजय झा कहते हैं, "कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की अपनी राय हो सकती है, लेकिन इसे नियंत्रण में रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी समेत एनडीए नेताओं की यह बड़ी जिम्मेदारी है कि वे सुनिश्चित करें कि कानून के शासन से कोई समझौता न हो। कोई भी निवेशक सबसे पहले कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखता है। सम्राट चौधरी की ओर से किए गए सुधार और बिहार में शुरू हुआ निवेश का दौर महत्वपूर्ण पहल हैं।"

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 100 दिन के कार्यकाल में बहुत से बड़े फैसले लिए हैं। उनका प्रभाव अगले 4-5 महीनों में दिखाई देगा।

--आईएएनएस

डीसीएच/