×

सांगली मंदिर हादसे पर सीएम फडणवीस ने जताया दुख, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना

 

सांगली, 13 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के सांगली जिले में स्थित एक मंदिर में मंगलवार शाम हुए हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर कहा, "सांगली जिले के मोटेवाड़ी गांव में मार्गूबाई देवस्थान मंदिर के पास एक दीवार गिरने से छह श्रद्धालुओं की जान जाने की घटना अत्यंत दुखद है। मृतकों में से तीन जत तालुका और तीन कर्नाटक के रहने वाले थे। मैं उनके प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"

उन्होंने बताया, "इस घटना में 13 श्रद्धालु घायल हुए हैं और उनका इलाज मिराज, जत, सांगली और विजयपुरा के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। मैं ईश्वर के चरणों में प्रार्थना करता हूं कि उनके स्वास्थ्य में शीघ्र सुधार हो।"

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को सांगली जिले के मोटेवाड़ी गांव स्थित मार्गूबाई देवस्थान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि करीब 350 लोग मंदिर परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। बारिश और तेज हवा से बचने के लिए कई श्रद्धालु दीवार के पास और टीन शेड के नीचे खड़े हो गए। लेकिन कुछ ही देर में दीवार और टीन शेड दोनों ही अचानक भरभराकर गिर पड़े, जिससे कई लोग उसके नीचे दब गए।

इस हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें मिराज, जत, सांगली और विजयपुरा के अस्पताल शामिल हैं। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने भी मदद की। हादसे के बाद पूरे मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई और लोग अपने परिजनों को ढूंढते नजर आए।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम