×

'संगीत के स्वर्णिम युग का अंत', आशा भोसले के निधन पर सोनिया गांधी ने उनके बेटों के नाम लिखी चिट्ठी

 

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके निधन पर कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने आशा भोसले के निधन पर दुख व्यक्त किया है। इसको लेकर उन्होंने आशा भोसले के बेटे हेमंत और आनंद को संबोधित करते हुए एक चिट्ठी भी लिखी है। आशा भोसले के बेटे हेमंत भोसले का निधन बहुत पहले हो चुका है।

सोनिया गांधी ने अपनी चिट्ठी में लिखा कि प्रिय आनंद और हेमंत, आपकी प्रिय माता आशा भोसले के निधन से भारतीय संगीत के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया है। आशा भोसले एक महान हस्ती और आदर्श थीं, जिनके गीतों ने लाखों लोगों को आनंद दिया। उनकी गायन शैली व्यापक और बहुमुखी थी, जो शास्त्रीय संगीत से लेकर लोक संगीत और पॉप तक फैली हुई थी। उनकी आवाज अद्वितीय थी और उनके संगीत के माध्यम से व्यक्त की गई भावनाएं सार्वभौमिक थीं।

उन्होंने हमारी कई भाषाओं में समान सहजता से गाया, और वह हमारे लिए सदाबहार गीतों की एक समृद्ध विरासत छोड़ गई हैं, जो आज भी उतने ही प्रिय और सुने जाते हैं जितने कि उन्होंने पहली बार गाए थे।

सोनिया गांधी ने लिखा, 'आशा जी का स्नेही व्यक्तित्व, उनकी स्वतंत्र भावना और उनकी संगीत प्रतिभा उनके गीतों के माध्यम से हमेशा जीवित रहेगी। आशा भोसले एक राष्ट्रीय धरोहर थीं और मैं लाखों संगीत प्रेमियों के साथ उनके निधन पर शोक व्यक्त करती हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।"

उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में, मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं आपके और आपके परिवार के साथ हैं। ईश्वर आपको इस क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मेरी हार्दिक संवेदनाएं।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोसल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि आशा भोसले के निधन से पार्श्व गायन के एक युग का अंत हो गया। बहुमुखी प्रतिभा और गरिमा की प्रतीक, उनकी अनूठी गायन शैली को दुनिया भर में लाखों लोगों ने सराहा। पद्म विभूषण से सम्मानित, वह आज भी सबसे अधिक गाने वाली कलाकारों में से एक हैं। हिंदी फिल्मी गीतों से लेकर भावपूर्ण गजलों तक, भजनों से लेकर कव्वालियों तक, उन्होंने कई भाषाओं में सब कुछ गाया है। उनके परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।

--आईएएनएस

एमएस/