संगकारा ने जताई उम्मीद, वैभव सूर्यवंशी को जल्द आएगा भारतीय टीम से बुलावा
न्यू चंडीगढ़, 30 मई (आईएएनएस)। राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच और क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम में शामिल होने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। वैभव के लिए आईपीएल 2026 का सीजन लाजवाब रहा।
वैभव ने 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए टूर्नामेंट में कुल 776 रन बनाए। वैभव ने इस सीजन अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर कई बड़े रिकॉर्ड्स को चकनाचूर किया। संगकारा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कहा, "वैभव ने इस सीजन में दुनिया के कुछ बड़े तेज गेंदबाजों के खिलाफ जो किया है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह हमारी तरफ से दी जाने वाली किसी भी चुनौती को लेने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुझे यकीन है कि उन्हें बहुत, बहुत जल्द नेशनल टीम में बुलावा आएगा। उन्होंने बहुत परिपक्वता के साथ खेला है और इस सीजन में हमारे लिए सलामी साझेदारी की जिम्मेदारी काफी अच्छे से निभाई है।"
वैभव ने दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शुक्रवार को मुश्किल पिच और मजबूत गेंदबाजी लाइनअप के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। वैभव ने राजस्थान रॉयल्स की लड़खड़ाती हुई पारी को बखूबी अंदाज में संभाला और 47 गेंदों में 96 रनों की शानदार पारी खेली। मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा जैसे गेंदबाजों ने वैभव को बाउंसर और शॉर्ट गेंदों से टेस्ट करने का प्रयास किया, लेकिन 15 वर्षीय बल्लेबाज ने क्रीज पर हर चुनौती का डटकर सामना किया।
संगकारा इस युवा खिलाड़ी की ज़बरदस्त तरक्की का क्रेडिट खेल के प्रति उनके नजरिए और क्रिकेट की समझ को दिया। उन्होंने कहा, "हां, मुझे लगता है कि हमारे पास उनके लिए एक प्लान है। हम उनके दिमाग में बिल्कुल भी गड़बड़ नहीं कर रहे हैं। वह हमारी टीम मीटिंग में आते हैं, योगदान देते हैं, सुनते हैं, और बहुत सारा होमवर्क करते हैं। वह अच्छी प्रैक्टिस करते हैं, विरोधी गेंदबाजों के बहुत सारे वीडियो देखते हैं और उसी हिसाब से उनके लिए तैयार होते हैं। हम उनके दिमाग में कुछ भी अतिरिक्त डालने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। मुझे लगता है कि उन्हें बस सब कुछ क्लियर रखना है और उसी हिम्मत के साथ बैटिंग करनी है।"
--आईएएनएस
एसएम/एएस