सैंडरपेपर विवाद के कारण फॉक्स क्रिकेट ने ख्वाजा और वॉर्नर को कमेंट्री से हटाया
मेलबर्न, 21 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर को फॉक्स क्रिकेट की कमेंट्री टीम से हटा दिया गया है। 2018 के बॉल-टैम्परिंग को लेकर मचा बवाल अभी भी थमता नहीं दिख रहा है।
फॉक्स स्पोर्ट्स ने कहा कि यह कदम दोनों खिलाड़ियों को इस विवाद के दबाव से बचाने के लिए उठाया गया है, लेकिन उनकी वापसी की कोई तारीख तय नहीं की गई है। ऑस्ट्रेलिया को शनिवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का पहला मैच खेलना है।
फॉक्स स्पोर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर स्टीव क्रॉली ने एक बयान में कहा, "हाल की घटनाओं को देखते हुए उस्मान और वॉर्नर को अगले कुछ हफ्तों तक हमारे प्रसारण (ब्रॉडकास्ट) से दूर रखा जाएगा। हम अपनी कमेंट्री टीम के सभी सदस्यों का समर्थन करते हैं और अलग-अलग विचारों का स्वागत करते हैं, जो हमारे 'समर ऑफ क्रिकेट' (क्रिकेट सीजन) की एक खासियत है। हालांकि, हम यह भी समझते हैं कि हर नई टिप्पणी का जवाब देने के दबाव में वे कैसा महसूस कर रहे होंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "हमें लगता है कि मौजूदा हालात के बीच खेल पर ध्यान केंद्रित करना मुश्किल होता जा रहा है और दोनों कमेंटेटरों को ऐसी स्थिति में डालना उनके साथ नाइंसाफी होगी। हमारा मुख्य फोकस अपने दर्शकों को ऑस्ट्रेलिया के 'समर ऑफ क्रिकेट' का बेहतरीन प्रसारण उपलब्ध कराना है। हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखेंगे।"
ऑस्ट्रेलिया अपने घरेलू टेस्ट समर की शुरुआत 9 दिसंबर को पर्थ स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले पहले मैच से करेगा। ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' में किए गए एक दावे के बाद विवाद फिर से गहरा गया है। इसमें कहा गया है कि केप टाउन टेस्ट में सैंडपेपर का इस्तेमाल करने की योजना के बारे में केवल उन तीन खिलाड़ियों को ही नहीं पता था जिन पर प्रतिबंध लगा था, बल्कि इसके बारे में पूरी टीम को भी जानकारी थी।
सिडनी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने ख्वाजा के इन दावों को खारिज कर दिया था। उन्होंने इस बात को भी पूरी तरह से बकवास बताया कि पूरी टीम को इस साजिश के बारे में पता था। इसके बाद, 'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' अखबार के लिए लिखे अपने एक लेख में बैनक्रॉफ्ट ने बड़ा खुलासा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी टीम को पता था कि क्या चल रहा है और कमिंस समेत गेंदबाजों ने गेंद की स्थिति के बारे में चर्चा की थी। बैनक्रॉफ्ट ने कहा था कि कमिंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस वह अंतिम घटना थी, जिसने उन्हें अपनी चुप्पी तोड़ने पर मजबूर कर दिया।
इस विवाद के कारण ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान के रूप में पैट कमिंस का कार्यकाल अब कड़ी जांच के दायरे में आ गया है। प्रशंसक सवाल उठा रहे हैं कि क्या वह इस फिर से उठे तूफान का सामना कर पाएंगे। हालांकि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने आज जारी एक बयान में इस तेज गेंदबाज का समर्थन किया है और उन्हें कप्तान बनाए रखने का फैसला किया है।
--आईएएनएस
एसएम/एएस